ईरान मिसाइल हमले में राजस्थानी युवक की मौत, नागौर के दिलीप सिंह लापता के बाद मृत घोषित

अमेरिका-इजराइल और ईरान संघर्ष के बीच ओमान के खासब पोर्ट के पास टैंकर पर मिसाइल हमला, नागौर के दिलीप सिंह की मौत। परिवार सदमे में, भारत सरकार ने जताई चिंता।

ईरान मिसाइल हमले में राजस्थानी युवक की मौत, नागौर के दिलीप सिंह लापता के बाद मृत घोषित

अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे संघर्ष की आग में एक राजस्थानी युवक की जान चली गई। नागौर जिले के खींवताना गांव निवासी दिलीप सिंह की मौत क्रूड ऑयल टैंकर पर हुए मिसाइल हमले में हो गई। माना जा रहा है कि इस युद्ध में किसी भारतीय नागरिक की यह पहली मौत हो सकती है।

ओमान के खासब पोर्ट के पास हुआ हमला

जानकारी के अनुसार, 1 मार्च की सुबह ओमान के खासब पोर्ट के पास एंकर किए गए क्रूड ऑयल टैंकर ‘स्काईलाइट’ पर ईरान की मिसाइल आ गिरी। हमला अमेरिका-इजराइल की ओर से ईरान पर किए गए हमलों के जवाब में बताया जा रहा है। विस्फोट के बाद जहाज बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जहाज पर कुल 20 क्रू मेंबर सवार थे, जिनमें 15 भारतीय और 5 ईरानी नागरिक शामिल थे। अधिकांश क्रू को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन तीन सदस्य लापता हो गए।

बिहार के कैप्टन का शव मिला, दिलीप की तलाश जारी

लापता सदस्यों में बिहार के बेतिया निवासी कैप्टन आशीष कुमार का शव बरामद कर लिया गया है। वहीं नागौर के दिलीप सिंह का शव अभी तक नहीं मिला है। कंपनी और सुरक्षा एजेंसियां लगातार तीसरे दिन उनकी तलाश में जुटी हैं।

कंपनी ने बुधवार सुबह दो लोगों की मौत की पुष्टि की, जिसमें दिलीप सिंह का नाम भी शामिल है।

जनवरी में जॉइन की थी ड्यूटी

दिलीप सिंह पुत्र कान सिंह ने 22 जनवरी 2026 को मर्चेंट नेवी में ड्यूटी जॉइन की थी। वे ऑयल/केमिकल टैंकर में क्रू मेंबर के रूप में कार्यरत थे। 28 फरवरी को उनकी परिवार से आखिरी बार बातचीत हुई थी।

दिलीप के साथ नागौर के बामणा गांव के सुनील कुमार भी इसी जहाज पर कार्यरत थे। हालांकि सुनील की ड्यूटी समाप्त होने के बाद दिलीप उनकी जगह पहुंचे थे।

दिलीप के भाई देवेंद्र सिंह के अनुसार, हमले के वक्त दिलीप जहाज के अगले हिस्से में कैप्टन आशीष कुमार के साथ मौजूद थे।

परिवार सदमे में, भारत सरकार ने जताई चिंता

घटना की सूचना के बाद नागौर में परिवार और गांव में शोक की लहर है। परिजन शव मिलने की उम्मीद में हैं।

भारत सरकार ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए सभी पक्षों से संयम बरतने और स्थिति को नियंत्रित करने की अपील की है