SMS हॉस्पिटल में रोबोटिक तकनीक से दोनों तरफ हर्निया की सफल सर्जरी, 300 ऑपरेशन का रिकॉर्ड
जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में ट्रोमा के बाद डबल हर्निया से पीड़ित पुलिसकर्मी का रोबोटिक तकनीक से सफल ऑपरेशन। 300 रोबोटिक सर्जरी का आंकड़ा पार।
राजधानी जयपुर के सवाई मानसिंह अस्पताल में चिकित्सा क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज की गई है। ट्रोमा के बाद दोनों ओर हर्निया से पीड़ित 50 वर्षीय पुलिसकर्मी का रोबोटिक तकनीक से सफल ऑपरेशन किया गया। यह मामला दुर्लभ होने के साथ-साथ चुनौतीपूर्ण भी था।
ट्रोमा के बाद डबल हर्निया, डॉक्टरों के सामने थी बड़ी चुनौती
जानकारी के अनुसार, ड्यूटी के दौरान ट्रक रोकते समय हुए हादसे में पुलिसकर्मी को गंभीर चोट आई थी। इसके बाद उन्हें दोनों तरफ हर्निया की समस्या हो गई। डॉक्टरों का कहना है कि ट्रोमा के बाद दोनों साइड हर्निया होना बेहद कम देखने को मिलता है, जिससे सर्जरी जटिल हो गई थी।
8-8 एमएम के तीन छेद, ढाई घंटे चला ऑपरेशन
विशेषज्ञ टीम ने अत्याधुनिक रोबोटिक मशीन की सहायता से केवल 8-8 एमएम के तीन छोटे चीरे लगाकर करीब ढाई घंटे में पूरी सर्जरी को अंजाम दिया। इस तकनीक की बदौलत रक्तस्राव न्यूनतम रहा और टांके भी बेहद छोटे रहे, जिससे संक्रमण का खतरा कम हुआ।
कुछ ही दिनों में मिली छुट्टी
सफल ऑपरेशन के बाद मरीज तेजी से स्वस्थ हुआ और धुलंडी के दिन उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। डॉक्टरों ने इसे तकनीकी दक्षता और टीमवर्क का बेहतरीन उदाहरण बताया।
सरकारी अस्पताल में 300 रोबोटिक सर्जरी पूरी
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक, जनरल सर्जरी विभाग में रोबोटिक सिस्टम शुरू होने के बाद अब तक 300 सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी की जा चुकी हैं। यह उपलब्धि प्रदेश के सरकारी चिकित्सा संस्थानों के लिए एक नया रिकॉर्ड मानी जा रही है और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
Saloni Kushwaha 
