एक महीने में तीसरी बार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी

राजस्थान विधानसभा को एक महीने में तीसरी बार बम से उड़ाने की धमकी मिली। ईमेल के बाद परिसर खाली कराया गया, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटीं।

एक महीने में तीसरी बार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी
राजस्थान विधानसभा को एक महीने में तीसरी बार बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इससे विधानसभा परिसर में हड़कंप मच गया है। ईमेल के जरिए मिली इस चेतावनी के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट हो गईं और पूरे परिसर को खाली कराकर सर्च अभियान शुरू कर दिया गया। ईमेल में लिखा था कि दोपहर 12 बजे विधानसभा में 5 सिलिकॉन 100 बेस RDX बम फटने वाले है, यह कोई मज़ाक नहीं है, सभी VIPs को तुरंत बाहर निकालें।
यह तीसरी बार है जब इस तरह की धमकी मिली है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। वहीं, पुलिस और साइबर टीमें हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई हैं। मौके पर पुलिस, बम निरोधक दस्ता और दमकल की गाड़ियां पहुंच चुकी हैं और सघन तलाशी अभियान जारी है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी पहली बार आज प्रदेश दौरे पर हैं। ठीक उनके दौरे के दिन एक बार फिर विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली है।
भारी पुलिस जाब्ता और एजेंसियों का सर्च अभियान
धमकी भरा ईमेल देखते ही विधानसभा स्टाफ ने पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस, बम निरोधक दस्ता (BDS), एटीएस (ATS), दमकल विभाग और SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं। सुरक्षा की दृष्टि से परिसर को खाली करवाया गया और कर्मचारियों को बाहर निकाला गया। बता दें कि ये तीसरी बार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इससे पहले दो बार भी विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है, हालांकि उस समय कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी।