सीवान में गोलीकांड, आरोपी गिरफ्तार

सीवान में गोलीकांड, आरोपी गिरफ्तार

सीवान नगर थाने के आंदर ढाला के पास हुए सनसनीखेज गोलीकांड में पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए महज 10 घंटे के अंदर एक आरोपी को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी को दोनों पैरों के घुटने में गोली लग गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।

जानकारी के मुताबिक बुधवार की शाम मामूली सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद में अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। इस गोलीबारी में बीजेपी नेता के भगिना हर्ष कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए थे, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

आरोपी छोटू भागने की कोशिश करने लगा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। SP पूरन कुमार झा के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया, जिसमें एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, नगर थाना प्रभारी अविनाश कुमार समेत कई थानों की पुलिस को लगाया गया। साथ ही पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी की जांच शुरू की, जिसमें संदिग्ध वाहन की पहचान हुई। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने हुसैनगंज थाना क्षेत्र के हथौड़ा निवासी छोटू कुमार यादव को चिन्हित किया। इसके बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू की गई। पुलिस के अनुसार, दबिश के दौरान आरोपी छोटू भागने की कोशिश करने लगा, जिस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसके दोनों घुटनों में गोली मार दी। घायल होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।


हथियार बरामदगी के दौरान एनकाउंटर
पूछताछ के बाद पुलिस आरोपी को हथियार बरामद कराने के लिए बताए गए ठिकाने पर ले गई थी। वहां पहुंचते ही आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। आरोपी छोटू यादव ने पुलिस टीम पर करीब पांच राउंड गोलियां चलाईं। जवाब में आत्मरक्षार्थ पुलिस ने तीन राउंड फायरिंग की। दो गोलियां आरोपी के दोनों घुटनों में लगीं, जिससे वो जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से हथियार बरामद कर आरोपी को तुरंत हिरासत में लिया।