बिहार में बड़ा सियासी बदलाव: सम्राट चौधरी बनेंगे बिहार के अगले मुख्यमंत्री ?
बिहार में CM बदलने की अटकलें तेज। नीतीश कुमार देंगे इस्तीफा, सम्राट चौधरी के नाम पर मुहर संभव, NDA बैठक में होगा फैसला।
पटना : बिहार के नए CM के लिए सम्राट चौधरी का नाम लगभग तय हो गया है। थोड़ी देर में बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह भी शामिल होंगे। शाम 4 बजे NDA की बैठक है। उसके बाद बिहार के नए CM का ऐलान होगा। आपको बता दें की बीते 20 साल से बिहार के मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार इस्तीफा देंगे। दोपहर 3 बजे CM लोकभवन जाएंगे, राज्यपाल को इस्तीफा देंगे।
इससे पहले नीतीश कैबिनेट की आखिरी बैठक हुई। जहां नीतीश ने कहा - ‘2005 में मैं सरकार में आया, जहां तक मुझसे हो सका मैंने किया, नई सरकार को मेरा मार्गदर्शन मिलता रहेगा।’ इससे पहले सीएम, डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के साथ बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। वहीं CM हाउस में सुबह-सुबह हलचल रही। JDU के सीनियर लीडर्स नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे। डिप्टी CM सम्राट चौधरी ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की।
सियासी हलचल के हाई लाइट्स
सुबह नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे जदयू के टॉप लीडर्स
सम्राट चौधरी के साथ एक ही गाड़ी में निकले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार
बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी एल संतोष पटना पहुंचे हैं
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पटना पहुंचे
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को भाजपा ने पर्यवेक्षक बनाया है, वो पटना पहुंच गए हैं
सभी दल अपने विधायकों के साथ बैठक करेंगे
दोपहर में NDA के सभी घटक दल JDU, भाजपा, HAM, RLJP, RLM अपने-अपने विधायकों के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे। इन बैठकों में विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जो आगे की रणनीति तय करेगा। दोपहर 2 बजे एक अणे मार्ग स्थित आवास पर JDU की बैठक में सभी विधायक मौजूद रहेंगे। सभी विधायक दल का नेता चुनेंगे, सबसे दिलचस्प यह देखना होगा कि JDU अपने विधायक दल का नेता किसे चुनती है।
दोपहर 3 बजे नीतीश कुमार सौंपेंगे इस्तीफा
दोपहर 3 बजे नीतीश कुमार राजभवन पहुंचकर राज्यपाल सैयद अता हसनैन को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसी के साथ मौजूदा सरकार औपचारिक रूप से समाप्त हो जाएगी। इसके बाद शाम 4 बजे NDA विधायक दल की संयुक्त बैठक होगी, जिसमें नए नेता को चुना जाएगा। इसकी निगरानी के लिए BJP की ओर से केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पर्यवेक्षक बनाया गया है। उनकी उपस्थिति में ही मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम मुहर लगेगी।
Ayush Pareek 
