राज्यसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 10 राज्यों की 24 सीटों पर होगा मतदान

राज्यसभा चुनाव की तारीख का ऐलान हो चुका है, अब नेताओं की दिल्ली दौड़ शुरू हो जाएगी।

राज्यसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, 10 राज्यों की 24 सीटों पर होगा मतदान

गर्मी में चुनाव नहीं होगा ये सुनने में आ रहा था लेकिन चुनाव आयोग ने राज्यसभा चुनाव की तारीखों की तस्वीर क्लियर कर दी है. राज्यसभा की 24 खाली हो रही सीटों के लिए मतदान की तारीख का ऐलान कर दिया है। राजस्थान-मध्य प्रदेश, गुजरात समेत 10 राज्यों की 24 सीटों पर 18 जून को मतदान होगा। इसको लेकर EC ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, दिग्विजय सिंह, केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और जॉर्ज कुरियन राज्य सभा से रिटायर हो रहे हैं। 

1 जून को जारी होगी अधिसूचना
चुनाव आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, चुनाव की अधिसूचना 1 जून को जारी होगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 8 जून तय की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को होगी और उम्मीदवार 11 जून तक अपना नाम वापस ले सकेंगे।

18 जून को मतदान, उसी दिन मतगणना
मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक कराया जाएगा, जबकि मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे शुरू होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून तक पूरी कर ली जाएगी। चुनाव आयोग ने कहा कि मतपत्र पर प्राथमिकता दर्ज करने के लिए केवल रिटर्निंग ऑफिसर द्वारा उपलब्ध कराए गए तय मानक वाले बैंगनी (वायलेट) रंग के स्केच पेन का ही इस्तेमाल किया जा सकेगा। किसी अन्य पेन के इस्तेमाल की अनुमति नहीं होगी। ECI ने यह भी बताया कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्ष और पारदर्शी निगरानी सुनिश्चित करने के लिए पर्यवेक्षकों (ऑब्जर्वर्स) की तैनाती की जाएगी।