बाड़मेर में लापरवाही ने ली लेक्चरर की जान, परिवार में मातम

बाड़मेर में सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लेक्चरर की प्रशासन की लापरवाही से मौत हो गई. खंभे में करंट दौड़ा और तिलोकाराम ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

बाड़मेर में लापरवाही ने ली लेक्चरर की जान, परिवार में मातम

बाड़मेर शहर में एक दर्दनाक हादसे में सरकारी लेक्चरर की करंट लगने से मौत हो गई। घटना रीको थाना क्षेत्र में कांग्रेस कार्यालय के पास आज सुबह करीब 8 बजे हुई, जहां मॉर्निंग वॉक पर निकले लेक्चरर बिजली के खंभे की चपेट में आ गए। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.... 

मॉर्निंग वॉक के दौरान मौत
रीको थाना इंचार्ज चैन प्रकाश ने बताया कि मृतक की पहचान तारातरा निवासी तिलोकाराम के रूप में हुई है, जो वर्तमान में बाड़मेर शहर के शास्त्री नगर में रह रहे थे। जानकारी के अनुसार तिलोकाराम रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान कांग्रेस कार्यालय के पास वे टॉयलेट जाने के लिए रुके। बताया जा रहा है कि वहां लगे बिजली के खंभे में करंट दौड़ रहा था और पसीने की हालत में खंभे के संपर्क में आते ही उन्हें तेज करंट लग गया।।  करंट लगने के बाद तिलोकाराम मौके पर ही गिर पड़े।। आसपास से गुजर रहे लोगों ने उन्हें जमीन पर पड़ा देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी। 

बिजली के खंभों की जांच की मांग

सूचना मिलते ही रीको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया और परिजनों को घटना की जानकारी दी। घटना को गंभीरता से लेते हुए एफएसएल और एमओबी टीम को भी मौके पर बुलाया गया। अब स्थानीय लोगों ने शहर में खुले और करंट प्रवाहित करने वाले बिजली खंभों की जांच करवाने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके