NEET-UG पेपर लीक पर IMA सख्त, शिक्षा मंत्री को लिखा पत्र; परीक्षा पूरी तरह ऑनलाइन कराने की मांग

Indian Medical Association ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan को पत्र लिखकर कड़ी नाराजगी जताई है। संगठन ने National Testing Agency पर कार्रवाई और परीक्षा को पूरी तरह ऑनलाइन कराने की मांग की है।

NEET-UG पेपर लीक पर IMA सख्त, शिक्षा मंत्री को लिखा पत्र; परीक्षा पूरी तरह ऑनलाइन कराने की मांग

Indian Medical Association ने NEET-UG 2026 के कथित पेपर लीक मामले पर गहरी नाराजगी जताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan को पत्र लिखा है। संगठन ने परीक्षा प्रक्रिया की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए इसे छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया है।

IMA ने अपने पत्र में कहा कि NEET-UG 2026 बड़े पैमाने पर पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में अनियमितताओं के आरोपों से प्रभावित हुई है। एसोसिएशन ने दावा किया कि पिछले चार वर्षों में दो बार परीक्षा रद्द होने जैसी घटनाओं ने छात्रों और अभिभावकों का भरोसा कमजोर किया है।

NTA पर कार्रवाई की मांग

IMA ने National Testing Agency और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है। संगठन का कहना है कि बार-बार सामने आ रही गड़बड़ियों से लाखों छात्रों को मानसिक तनाव और असुरक्षा का सामना करना पड़ रहा है।

परीक्षा को पूरी तरह ऑनलाइन करने की मांग

IMA ने केंद्र सरकार से आग्रह किया है कि NEET-UG को पूरी तरह कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में कराया जाए, ताकि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके। साथ ही परीक्षा प्रक्रिया को राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सहयोग से अधिक पारदर्शी और विकेंद्रीकृत बनाने की भी मांग की गई है।

संगठन ने कहा कि इस वर्ष 551 से ज्यादा शहरों और 5500 परीक्षा केंद्रों पर करीब 22.5 लाख छात्र परीक्षा में शामिल हुए थे, ऐसे में परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखना बेहद जरूरी है।

21 जून को होगा री-एग्जाम

इस बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने घोषणा की है कि NEET-UG 2026 की दोबारा परीक्षा 21 जून को आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और भविष्य में किसी भी प्रकार की धांधली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।