राजस्थान में टोल सिस्टम होगा हाईटेक, बिना रुके कटेगा टोल टैक्स
National Highways Authority of India राजस्थान में फ्री फ्लो टोल सिस्टम लागू करने जा रहा है। नई व्यवस्था के तहत वाहन बिना रुके टोल प्लाजा से गुजर सकेंगे और शुल्क सीधे FASTag से कट जाएगा
राजस्थान के नेशनल हाईवे टोल प्लाजा अब पूरी तरह हाईटेक और फ्री फ्लो सिस्टम की ओर बढ़ रहे हैं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद वाहन चालकों को टोल प्लाजा पर बैरियर खुलने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। गाड़ियां अपनी सामान्य रफ्तार में सीधे टोल से गुजर जाएंगी और शुल्क अपने आप FASTag से कट जाएगा।
अगर किसी वाहन पर फास्टैग नहीं लगा होगा, तो उसकी नंबर प्लेट स्कैन कर पेनल्टी लगाई जाएगी। यह राशि वाहन मालिक को ऑनलाइन जमा करनी होगी। नई व्यवस्था का सबसे बड़ा असर उन लोगों पर पड़ेगा जो राजनीतिक या प्रशासनिक रुतबा दिखाकर टोल टैक्स से बच जाते थे। अब केवल NHAI की गाइडलाइन में शामिल अधिकृत वाहनों को ही छूट मिलेगी।
दिसंबर 2026 तक कई टोल प्लाजा होंगे फ्री फ्लो
NHAI ने राजस्थान में चरणबद्ध तरीके से इस सिस्टम को लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है। पहले चरण में जोधपुर के डांगियावास, सीकर के अखैपुर और जयपुर के मनोहरपुर टोल प्लाजा को फ्री फ्लो सिस्टम में बदला जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक दिसंबर 2026 तक इन परियोजनाओं को पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
फिटनेस और प्रदूषण जांच भी होगी ऑटोमैटिक
नई तकनीक के तहत टोल से गुजरने वाले हर वाहन की फिटनेस, प्रदूषण प्रमाणपत्र और हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट की भी जांच होगी। जिन वाहनों के पास वैध फिटनेस या प्रदूषण सर्टिफिकेट नहीं होगा, उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट वाले वाहनों की फोटो रिकॉर्ड कर कार्रवाई की जाएगी।
अब बैरियर पर नहीं रुकेंगी गाड़ियां
NHAI परियोजना निदेशक गजेंद्र सिंह के अनुसार फ्री फ्लो सिस्टम लागू होने के बाद वाहनों को टोल प्लाजा पर रुकना नहीं पड़ेगा। जिन वाहनों का FASTag ब्लैकलिस्ट होगा या टैग उपलब्ध नहीं होगा, उनके रिकॉर्ड सिस्टम में दर्ज हो जाएंगे और मोबाइल पर नोटिफिकेशन भेजा जाएगा। बाद में जुर्माने के साथ भुगतान करना होगा।
1 मई से कैश पेमेंट पूरी तरह बंद
केंद्र सरकार पहले ही NHAI के टोल प्लाजा पर कैश भुगतान बंद कर चुकी है। अब टोल शुल्क केवल FASTag से ही लिया जा रहा है। जिन वाहनों में FASTag नहीं है, उन्हें फिलहाल UPI से भुगतान की छूट दी गई है, लेकिन इसके लिए अतिरिक्त शुल्क देना पड़ रहा है।
उदाहरण के तौर पर अलवर के बगड़ तिराहा टोल प्लाजा पर कार का सामान्य टोल 40 रुपए है, जबकि UPI से भुगतान करने पर 50 रुपए देने पड़ रहे हैं।
Saloni Kushwaha 
