बालोतरा में सरकारी टीचर ने प्रेमी संग मिलकर की पति की हत्या, गिरफ्ता
बालोतरा जिले के गिड़ा थाना क्षेत्र में पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया।
बालोतरा : राजस्थान के बालोतरा जिले के गिड़ा थाना इलाके में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। यहां 23 वर्षीय युवक की हत्या उसकी ही पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी। पुलिस ने रविवार रात करीब 8 बजे आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी, जो कि सरकारी स्कूल में शिक्षक है, दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान मलवा गोयलान निवासी महेंद्र मेघवाल (23) पुत्र प्रेमाराम के रूप में हुई है। उसका शव 21 मार्च की सुबह घर के कमरे में चारपाई पर मिला था। गले पर चोट और दबाव के निशान मिलने के बाद मामला हत्या का निकला।
चार साल पहले हुई थी शादी, लगातार होते थे झगड़े। पुलिस के अनुसार, महेंद्र की शादी करीब चार साल पहले बागूंडी निवासी अनु देवी (23) से हुई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। समाज के लोगों ने कई बार दोनों के बीच समझौता भी करवाया, लेकिन हालात नहीं सुधरे।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि अनु अपने पति से खुश नहीं थी और उसके किसी अन्य व्यक्ति से संबंध थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था।
झगड़े के बाद प्रेमी को बुलाया घर शुक्रवार (20 मार्च) की रात एक बार फिर पति-पत्नी के बीच तीखा विवाद हुआ। इसके बाद अनु ने तिलवाड़ा निवासी अपने प्रेमी अमराराम (26) पुत्र चैनाराम को घर बुला लिया। अमराराम चिड़िया पंचायत के प्राथमिक स्कूल, बारूपलों की बस्ती में ग्रेड थर्ड टीचर के पद पर कार्यरत है।

आरोप है कि दोनों ने मिलकर महेंद्र का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद शव को कमरे में चारपाई पर ही छोड़ दिया गया, ताकि मामला सामान्य लगे।
सुबह परिजनों को हुआ शक शनिवार सुबह जब काफी देर तक महेंद्र घर से बाहर नहीं निकला तो पास की ढाणी में रहने वाले परिजनों को शक हुआ। वे घर पहुंचे और अनु से पूछा तो उसने बताया कि महेंद्र कमरे में सो रहे हैं।
परिजन जब कमरे में पहुंचे तो महेंद्र चारपाई पर मृत अवस्था में पड़ा मिला। गले पर निशान देखकर परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पोस्टमॉर्टम के बाद हुआ खुलासा
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। शव को गिड़ा हॉस्पिटल की मॉर्च्यूरी में रखवाकर पोस्टमॉर्टम करवाया गया। रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई। महेंद्र के भाई मगाराम की रिपोर्ट पर शनिवार को मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने अनु को डिटेन कर सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपने प्रेमी अमराराम के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस ने अमराराम को भी हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या करना कबूल कर लिया।
कपड़ा फैक्ट्री में करता था काम
महेंद्र मेघवाल कपड़ा फैक्ट्री में काम करने के साथ-साथ खेतीबाड़ी भी करता था। उसकी असमय मौत से परिवार में मातम छा गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है। मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है, वहीं समाज में वैवाहिक संबंधों में बढ़ते विवाद और अवैध संबंधों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
Ayush Pareek 
