राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड 10वीं का रिजल्ट 24 मार्च को होगा जारी, पहली बार 12वीं से पहले और मार्च में घोषित परिणाम

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) 10वीं का रिजल्ट 24 मार्च 2026 को जारी करेगा। पहली बार मार्च में और 12वीं से पहले घोषित होगा परिणाम। जानें पूरी अपडेट।

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड 10वीं का रिजल्ट 24 मार्च को होगा जारी, पहली बार 12वीं से पहले और मार्च में घोषित परिणाम

जयपुर : राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) की ओर से कक्षा 10वीं का रिजल्ट मंगलवार, 24 मार्च को घोषित किया जाएगा। बोर्ड प्रशासन ने परिणाम जारी करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार का रिजल्ट कई मायनों में ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि पहली बार 10वीं का परिणाम 12वीं से पहले घोषित किया जा रहा है और बोर्ड के इतिहास में यह पहला अवसर है जब मार्च महीने में रिजल्ट जारी किया जा रहा है।
नया सत्र 1 अप्रैल से, इसलिए पहले 10वीं का रिजल्ट
दरअसल, राज्य सरकार ने 1 अप्रैल से नया शैक्षणिक सत्र शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए बोर्ड प्रशासन ने 10वीं का परिणाम पहले जारी करने का निर्णय लिया है, ताकि विद्यार्थी समय पर अगली कक्षा में प्रवेश ले सकें और नए सत्र की पढ़ाई सुचारु रूप से शुरू हो सके।
10 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों ने दी थी परीक्षा
इस वर्ष 10वीं की बोर्ड परीक्षाएं 12 फरवरी से शुरू होकर 28 फरवरी तक आयोजित की गई थीं। इन परीक्षाओं में कुल 10 लाख 68 हजार 109 विद्यार्थी शामिल हुए थे। परीक्षा का आयोजन प्रदेशभर में निर्धारित केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से किया गया।


बोर्ड की कोशिश है कि 12वीं आर्ट्स, साइंस और कॉमर्स तीनों संकायों का रिजल्ट भी इसी महीने घोषित कर दिया जाए। 12वीं की परीक्षाएं 11 मार्च तक चली थीं। इनमें कुल 9 लाख 10 हजार 9 विद्यार्थी शामिल हुए थे। प्रदेशभर के 6 हजार 170 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया गया था।
बोर्ड प्रशासन ने 12वीं के मूल्यांकन कार्य को भी तेज कर दिया है, ताकि परिणाम समय पर जारी किए जा सकें।
टॉपर्स के इंटरव्यू और एनालिसिस एप पर उपलब्ध
रिजल्ट जारी होने के साथ ही 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के फोटो, वीडियो और इंटरव्यू प्रकाशित किए जाएंगे। इसके साथ ही हर जिले का रिजल्ट अपडेट और विस्तृत एनालिसिस भी उपलब्ध रहेगा।
उच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे अपने जिले के अनुसार निर्धारित नंबरों पर अपना नाम, फोटो, मार्कशीट की कॉपी और स्कूल का नाम साझा करें।
2027 से साल में दो बार होगी 10वीं बोर्ड परीक्षा
राजस्थान बोर्ड ने परीक्षा प्रणाली में बड़ा बदलाव करने का फैसला किया है। नए सिस्टम के तहत साल 2027 से 10वीं की परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाएगी।
पहला सत्र फरवरी में और दूसरा सत्र मई में आयोजित होगा। दोनों परीक्षाएं पूरे सिलेबस पर आधारित होंगी और स्टडी पैटर्न या एग्जाम प्लानिंग में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।


पहले चरण की परीक्षा देने वाले विद्यार्थी दूसरे चरण में अधिकतम तीन विषयों में अपने अंक सुधारने के लिए दोबारा परीक्षा दे सकेंगे। वहीं जो विद्यार्थी किसी कारणवश पहला चरण पूरी तरह से मिस कर देते हैं, वे दूसरे चरण की परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। इसके लिए उन्हें वैध मेडिकल सर्टिफिकेट या जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) से अनुमति लेनी होगी।
दोनों प्रयासों के लिए परीक्षा शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। बोर्ड ‘बेस्ट ऑफ टू अटेम्प्ट’ फॉर्मूला अपनाएगा। यानी दोनों प्रयासों में से जिस परीक्षा में बेहतर अंक प्राप्त होंगे, वही अंतिम परिणाम में जोड़े जाएंगे।


मार्च में रिजल्ट जारी करना और 2027 से दो बार परीक्षा आयोजित करने का निर्णय शिक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव के संकेत हैं। इससे विद्यार्थियों को समय पर प्रवेश, अंक सुधार का अवसर और मानसिक दबाव में कमी जैसे कई लाभ मिलने की उम्मीद है। अब प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों और अभिभावकों की नजर 24 मार्च को जारी होने वाले 10वीं के परिणाम पर टिकी हुई है।