जयपुर में विदेशी महिला से हुई बदसलूकी! सेल्फी के बहाने युवकों ने की अभद्रता

जयपुर के जलमहल पर विदेशी महिला से बदसलूकी का वीडियो वायरल। ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने साइबर सेल के साथ जांच शुरू की, आरोपियों की पहचान जारी।

जयपुर में विदेशी महिला से हुई बदसलूकी! सेल्फी के बहाने युवकों ने की अभद्रता

जयपुर : राजधानी जयपुर से एक बार फिर पर्यटन छवि को झटका देने वाला मामला सामने आया है। एक विदेशी महिला के साथ कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर अभद्रता करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना शहर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल जलमहल की पाल की बताई जा रही है।

वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कुछ युवक विदेशी महिला को घेरकर उसके साथ जबरन सेल्फी लेने की कोशिश कर रहे हैं। इसी दौरान एक युवक महिला के गले में हाथ डालकर उसे अपनी ओर खींचता नजर आता है। महिला इस स्थिति से असहज दिखाई देती है और वहां से निकलने की कोशिश करती है।

बताया जा रहा है कि युवकों ने इस पूरी घटना का वीडियो खुद ही बनाया और बाद में उसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।

मामले को लेकर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस हरकत में आ गई है। पुलिस ने साइबर सेल की मदद से वीडियो की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

थाना प्रभारी हेमंत जनागल के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि महिला ने मौके पर किसी प्रकार की आपत्ति नहीं जताई थी और वह खुद भी सेल्फी खिंचवा रही थी। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रही हरकतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है। जल्द ही संबंधित लोगों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह घटना एक बार फिर से पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा और महिलाओं के प्रति व्यवहार को लेकर सवाल खड़े कर रही है। जयपुर जैसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन शहर में इस तरह की घटनाएं न केवल कानून व्यवस्था बल्कि शहर की छवि पर भी असर डालती हैं।