सीकर में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़: 5 आरोपी गिरफ्तार
सीकर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश। 5 आरोपी गिरफ्तार, 25 ATM कार्ड, लैपटॉप, मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त। IPL मैच के दौरान चल रहा था सट्टा।
सीकर में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से 25 एटीएम कार्ड सहित कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जप्त किए हैं। राजस्थान और हैदराबाद के बीच चल रहे मैच के दौरान पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
खाटूश्यामजी सदर पुलिस थाना के लामियां गांव में पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। टेक्निकल सोर्सेस और ह्यूमन इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर DST टीम,साइबर सेल और खाटूश्यामजी सदर पुलिस ने लामियां गांव के बधाल रोड पर गिरधारी लाल जांगिड़ के मकान पर यह रेड की। जहां एक कमरे में पांचों आरोपी ऑनलाइन सट्टा लगवाते मिले।
खाटूश्यामजी सदर थाना पुलिस SHO अमित कुमार नागौरा ने बताया कि मामले में पांच आरोपी अजय कुमार जांगिड़ (26) पुत्र गिरधारी लाल जांगिड़ निवासी लामियां,दिनेश कुमार जांगिड़(22) पुत्र रिछपाल जांगिड़ निवासी लामियां,सोनू मेहरा (19) पुत्र हरदेवाराम निवासी घाटेश्वर,जालिम सिंह शेषमा(22) पुत्र सरदारमल निवासी अरनियां और राहुल जांगिड़ (23) पुत्र गिरधारीलाल जांगिड़ निवासी लामियां को गिरफ्तार किया है।
इन आरोपियों के पास से 2 लैपटॉप, 1टेबलेट,17 मोबाइल फोन,25 ATM कार्ड,6 चेकबुक,9 बैंकपासबुक,4 सिम कार्ड,1 आईपैड सहित इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस मिले हैं।
शनिवार को इंडियन प्रीमियर लीग में राजस्थान और हैदराबाद के मैच के दौरान जब पुलिस टीम कार्रवाई करने गई तो पांचों आरोपी दो गद्दों पर बैठकर ऑनलाइन सट्टा लगवा रहे थे। अब पुलिस आरोपियों द्वारा लगवाए गए ऑनलाइन सट्टे का रिकॉर्ड चेक कर रही है। इसके साथ ही इनके मास्टरमाइंड की तलाश कर रही है। इस कार्रवाई में सीकर एसपी ऑफिस साइबर सेल की कांस्टेबल बजरंग और महिपाल की विशेष भूमिका रही।
Ayush Pareek 
