करौली में सचिन पायलट का भव्य स्वागत, रेलवे स्टेशन पर उमड़ी भीड़; कांग्रेस में जल्द होगा बड़ा ऐलान !
राजस्थान कांग्रेस नेता Sachin Pilot के हिंडौन दौरे पर समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। राजेश पायलट की प्रतिमा अनावरण और किसान सम्मेलन में शामिल हुए पायलट के स्वागत को लेकर राजनीतिक हलकों में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
राजस्थान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट बुधवार को करौली जिले के हिंडौन पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत देखने को मिला। हिंडौन रेलवे स्टेशन पर पायलट के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और जोरदार नारों के साथ उनका अभिनंदन किया। स्वागत का यह अंदाज अब सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
रेलवे स्टेशन से लेकर कार्यक्रम स्थल तक बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। पायलट के समर्थन में लगे नारों और कार्यकर्ताओं के उत्साह को कई राजनीतिक जानकार शक्ति प्रदर्शन के तौर पर भी देख रहे हैं। ऐसे में सवाल उठने लगे हैं कि क्या राजस्थान कांग्रेस में जल्द कोई बड़ा राजनीतिक संदेश या संगठनात्मक फैसला देखने को मिल सकता है।

दरअसल, सचिन पायलट अपने पिता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय राजेश पायलट की प्रतिमा के अनावरण और किसान सम्मेलन में शामिल होने के लिए हिंडौन पहुंचे थे। सकरघटा में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने प्रतिमा का अनावरण किया और किसानों को संबोधित करते हुए उनके मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही।
अपने संबोधन में पायलट ने किसानों, युवाओं और पार्टी कार्यकर्ताओं को एकजुट रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों पर मजबूती से आवाज उठाने की जरूरत है और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संगठन को और मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करना चाहिए।

हालांकि दौरे के दौरान सचिन पायलट की ओर से किसी बड़े राजनीतिक ऐलान का संकेत नहीं दिया गया, लेकिन जिस तरह से उनका स्वागत हुआ और समर्थकों की भीड़ उमड़ी, उसने राजस्थान की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। अब राजनीतिक हलकों की नजर कांग्रेस नेतृत्व के अगले कदम पर टिकी है और कयास लगाए जा रहे हैं कि आने वाले समय में पायलट को लेकर कोई महत्वपूर्ण फैसला सामने आ सकता है।
Saloni Kushwaha 
