क्या INDIA गठबंधन में होने जा रही है बड़ी सियासी डील? ममता को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और अभिषेक को महासचिव बनाने की चर्चा
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष Sonia Gandhi द्वारा Mamata Banerjee को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पद देने के कथित प्रस्ताव की चर्चा तेज है। वहीं Abhishek Banerjee को लेकर भी राजनीतिक अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि किसी भी पक्ष ने आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की ओर से पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद देने का प्रस्ताव रखे जाने की चर्चा राजनीतिक गलियारों में तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, इस प्रस्ताव पर कोई अंतिम फैसला लेने से पहले ममता बनर्जी ने एक सप्ताह का समय मांगा है।
वहीं, एक और बड़ी राजनीतिक चर्चा यह है कि तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी को कांग्रेस संगठन में महासचिव पद की जिम्मेदारी देने का प्रस्ताव भी सामने आया है। हालांकि, इन दावों की अब तक किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सूत्रों के अनुसार, अभिषेक बनर्जी ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाने से पहले कुछ राजनीतिक शर्तें रखी हैं। इनमें ममता बनर्जी को राज्यसभा भेजने और उन्हें राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष बनाने की मांग शामिल बताई जा रही है।
यदि ऐसी किसी राजनीतिक समझौते पर सहमति बनती है, तो यह विपक्षी राजनीति और INDIA गठबंधन के लिए बड़ा घटनाक्रम माना जाएगा। खासकर 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले विपक्षी एकता को नई दिशा मिल सकती है।
हालांकि, फिलहाल यह पूरी कवायद राजनीतिक चर्चाओं और सूत्रों के हवाले से सामने आई जानकारी पर आधारित है। कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, सोनिया गांधी, ममता बनर्जी या अभिषेक बनर्जी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
Saloni Kushwaha 
