जयपुर में 5 और 8 साल की बच्चियों का बाल विवाह रुका, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

जयपुर के जमवारामगढ़ में दो नाबालिग बच्चियों का बाल विवाह प्रशासन ने रुकवाया। बालिका गृह भेजा गया, परिवारों को सख्त चेतावनी।

जयपुर में 5 और 8 साल की बच्चियों का बाल विवाह रुका, प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

जयपुर के जमवारामगढ़ क्षेत्र में मंगलवार देर रात 5 और 8 साल की दो बच्चियों के बाल विवाह को रूकवाया गया। दोनों की आज 9 और 11 साल के बच्चों से बाल विवाह होना था। परिजनों को शादी रुकने का डर था। ऐसे में एक दिन पहले ही फेरे कराने की तैयारी कर ली थी।

मामले की सूचना मिलते ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंची और परिवार को शादी न करवाने के लिए पाबंद किया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पवन जीनवाल ने बताया कि उन्हें प्रयास संस्था ने इस शादी की सूचना दी थी। इसके बाद मामले की जानकारी रालसा को दी गई। रालसा के सदस्य सचिव हरिओम अत्री के निर्देश पर डीसीपीयू टीम सक्रिय हुई।

बच्चियों को बालिका गृह भिजवाया

जमवारामगढ़ न्यायिक अधिकारी के अवकाश पर होने के कारण लिंक मजिस्ट्रेट हुमा कौहरी ने रात में अपने निवास पर ही बाल विवाह निषेधाज्ञा आदेश पारित किया। इसके बाद देर रात टीम जपपुर से सरजौली पहुंची और माता-पिता से समझाइश कर शादी को रूकवाया।

इस दौरान मौके पर प्रशासन, पुलिस और बाल संरक्षण इकाइयों की संयुक्त टीम सक्रिय हुई। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों शादियों को रूकवाया गया। कार्रवाई के बाद दोनों नाबालिग बच्चियों को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी को सौंपा किया गया। कोर्ट के आदेशानुसार अब वे बालिका गृह में सुरक्षित रहेंगी। प्रशासन ने दोनों पक्षों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी है कि दोबारा शादी का प्रयास किया गया तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।