जैसाराम मेघवाल के परिवार को 10 लाख की सहायता, गिरल आंदोलन की जीत पर श्रमिकों को बधाई देने पहुंचे रविन्द्र सिंह भाटी
Ravindra Singh Bhati ने स्वर्गीय जैसाराम मेघवाल के परिजनों से मुलाकात कर विधायक कोष से स्वीकृत 10 लाख रुपये की सहायता का पत्र सौंपा। इसके बाद उन्होंने गिरल धरनास्थल पहुंचकर श्रमिकों को आंदोलन की सफलता पर बधाई दी और इसे श्रमिकों की एकता व लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत बताया।
शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने शनिवार को जनसेवा एवं सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए स्वर्गीय श्रमिक जैसाराम मेघवाल के निवास स्थान पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की तथा दुख की इस घड़ी में परिवार को ढांढस बंधाया। इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं समाज के मौजिज लोगों की उपस्थिति में विधायक कोष से स्वीकृत 10 लाख रुपये की सहायता राशि का स्वीकृति पत्र जैसाराम मेघवाल के परिवार को प्रदान किया गया।
विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने स्वर्गीय जैसाराम मेघवाल के परिजनों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके दुख में सहभागी बनने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि परिवार ने अपने एक महत्वपूर्ण सदस्य को खोया है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है, लेकिन इस कठिन समय में पूरा क्षेत्र और वे स्वयं परिवार के साथ खड़े हैं। भाटी ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी परिवार को किसी प्रकार की आवश्यकता होने पर वे हरसंभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने विधायक द्वारा मानवीय संवेदनाओं के साथ परिवार की सहायता किए जाने की सराहना की और इसे समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता का परिचायक बताया।
इसके पश्चात शिव विधायक रविन्द्र सिंह भाटी गिरल धरनास्थल पहुंचे, जहां उन्होंने आंदोलनरत श्रमिकों से मुलाकात कर उन्हें उनके लंबे संघर्ष की सफलता पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उल्लेखनीय है कि गिरल लिग्नाइट माइन्स श्रमिक आंदोलन के दौरान श्रमिकों की विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय से धरना जारी था। शुक्रवार देर रात प्रशासन, श्रमिक यूनियन एवं संबंधित अधिकारियों के बीच हुई वार्ता के बाद श्रमिकों की समस्त मांगों पर सहमति बन गई, जिसके बाद आंदोलन का सकारात्मक समाधान निकल सका।

धरनास्थल पर मौजूद श्रमिकों को संबोधित करते हुए विधायक रविन्द्र सिंह भाटी ने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि श्रमिकों की एकजुटता, धैर्य और लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों ने अपने अधिकारों के लिए जिस संयम और दृढ़ता के साथ संघर्ष किया, वह सराहनीय है और अंततः उनकी आवाज को स्वीकार करना पड़ा।
भाटी ने श्रमिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी यदि श्रमिकों के हितों, अधिकारों अथवा क्षेत्र के विकास से जुड़े किसी भी मुद्दे पर उनके सहयोग की आवश्यकता पड़ेगी, तो वे हमेशा उनके साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में आमजन, किसान, युवा और श्रमिकों के हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और वे इस दायित्व का निर्वहन पूरी प्रतिबद्धता के साथ करते रहेंगे।
धरनास्थल पर मौजूद श्रमिकों ने भी आंदोलन के दौरान निरंतर सहयोग एवं समर्थन के लिए विधायक रविन्द्र सिंह भाटी का आभार व्यक्त किया तथा संघर्ष की सफलता को श्रमिक एकता और जनसहयोग का परिणाम बताया।
Saloni Kushwaha 
