बानसूर में ब्लाइंड मर्डर का 24 घंटे में खुलासा, 5 आरोपी गिरफ्तार

कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर थाना पुलिस ने हत्या और डकैती के सनसनीखेज मामले का महज 24 घंटे में खुलासा कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिला पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह के अनुसार, 4 मई को सरकारी अस्पताल के निर्माणाधीन भवन में काम करने वाले राम सिंह का शव खून से लथपथ हालत में सीढ़ियों के पास मिला था, जबकि स्टोर का ताला टूटा हुआ और कीमती सामान गायब था। मामले की गंभीरता को देखते हुए बानसूर में पुलिस, डीएसपी टीम, साइबर सेल और विशेष टीमों का गठन किया गया। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया, जिनके कब्जे से धारदार हथियार भी बरामद हुए हैं। पुलिस अब इस वारदात में शामिल अन्य आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।