कोटा सड़क हादसा: पोती को अस्पताल ले जा रहे दादा की मौत, जेल बस से टक्कर
कोटा में दर्दनाक सड़क हादसा, पोती को अस्पताल ले जा रहे दादा की बस से टक्कर में मौत। पत्नी और बच्ची घायल, पुलिस ने बस ड्राइवर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पोती को दिखाने बाइक पर हॉस्पिटल जा रहे दादा की सड़क हादसे में मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी और पोती को भी चोट लगी है। बाइक की सेंट्रल जेल की बस से टक्कर हुई थी। घटना कोटा के महावीर नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर साढ़े 12 बजे की है। ASI प्रदीप कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा। परिजनों की शिकायत पर बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
जेल की बस ने सामने से मारी टक्कर
हादसे में सीतापुरा जिला बूंदी निवासी भंवरलाल (62) की मौत हुई है। वहीं उनकी पत्नी संतोष बाई (58) और 10 साल की पोती के चोट आई है। मृतक के बेटे नरेश कुमार ने बताया कि मेरी बेटी को 2 महीने पहले चार-पांच कुत्तों ने काट लिया था। बेटी की पसलियां टूट गई थी। उसका रुटीन चेकअप कराने हॉस्पिटल जाना था। पिता मंगलवार सुबह 11 बजे के आस-पास घर से निकले थे। बाइक पर मां और मेरी बेटी थी। हॉस्पिटल पहुंचने से करीब 500 मीटर पहले ही कोटिया भील सर्किल पर जेल की बस ने पिता की बाइक को सामने से टक्कर मार दी।
इलाज के दौरान तोड़ दम
बेटे ने बताया कि टक्कर के बाद पिता, मां और बेटी तीनों बाइक से गिर गए। तीनों को हॉस्पिटल लाया गया। पिता के सीने में दर्द हो रहा था, उन्हें सांस लेने में दिक्क़त हो रही थी। इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई। मां के हाथ-पैर और बेटी के कंधे पर चोट लगी है। पिता का सैलून था।
Ayush Pareek 
