जयपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट कैंसिल और 7 घंटे देरी: इंडिगो- स्पाइसजेट से यात्री परेशान
जयपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो की फ्लाइट तकनीकी खराबी के चलते कैंसिल, वहीं स्पाइसजेट फ्लाइट 7 घंटे लेट। यात्रियों ने खराब व्यवस्थाओं और जानकारी की कमी को लेकर नाराजगी जताई।
जयपुर एयरपोर्ट से नवी मुंबई जाने वाली इंडिगो एयरलाइन की फ्लाइट 6E - 2719 को आज अचानक कैंसिल कर दिया गया। यह फ्लाइट रोजाना सुबह 11 बजकर 5 मिनट पर जयपुर से नवी मुंबई के लिए रवाना होती है। लेकिन उड़ान से पहले रुटीन तकनीकी जांच के दौरान एयरक्राफ्ट में खराबी सामने आने के बाद एयरक्राफ्ट को ग्राउंड कर दिया गया। दरअसल, फ्लाइट के नियमित निरीक्षण के दौरान इंजीनियरिंग टीम को एयरक्राफ्ट में तकनीकी समस्या दिखाई दी। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एयरलाइन ने तुरंत एयरक्राफ्ट को उड़ान के लिए ठीक नहीं मानते हुए ग्राउंड कर दिया। इसके बाद एयरलाइन कंपनी ने पैसेंजर्स की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए फ्लाइट को कैंसिल करने का फैसला किया।
पैसेंजर्स हुए नाराज
फ्लाइट कैंसिल होने की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर मौजूद पैसेंजर्स में नाराजगी देखने को मिली। कई पैसेंजर्स सुबह से ही एयरपोर्ट पहुंच चुके थे। बोर्डिंग की तैयारी कर रहे थे। अचानक फ्लाइट कैंसिल होने से उनकी यात्रा योजनाएं प्रभावित हो गई। खासकर बिजनेस ट्रैवलर्स और जरूरी काम से यात्रा करने वाले पैसेंजर्स को ज्यादा परेशानी हुई।
मुंबई-जयपुर फ्लाइट लेट, 7 घंटे तक पैसेंजर्स हुए परेशान
वहीं, स्पाइसजेट की मुंबई-जयपुर फ्लाइट SG-169 के साढ़े 7 घंटे लेट होने के कारण लोगों को एयरपोर्ट पर परेशान होना पड़ा। दरअसल, मुंबई से जयपुर आने वाली स्पाइसजेट की फ्लाइट SG - 169 को रात 8 बजकर 30 मिनट पर टेकऑफ करना था। कई पैसेंजर शाम 6 बजे से ही एयरपर्ट पर पहुंचकर अपनी उड़ान का इंतजार कर रहे थे लेकिन निर्धारित समय पर फ्लाइट रवाना नहीं हुई।
फ्लाइट का समय लगातार बदलता रहा
एयरलाइन की ओर से पहले फ्लाइट का नया समय रात 9 बजकर 10 मिनट बताया गया। इसके बाद फिर समय बदलकर रात 12 बजकर 25 मिनट कर दिया गया। लगातार बदलते समय और स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से पैसेंजर्स की परेशानी बढ़ती चली गई। आखिरकार फ्लाइट रात 1 बजकर 33 मिनट पर मुंबई से जयपुर के लिए रवाना हो सकी। जो रात 3 बजकर 10 मिनट पर जयपुर एयरपोर्ट पर लैंड हुई।
पैसेंजर्स बोले- खाने-पीने की सुविधा भी नहीं दी
इस दौरान पैसेंजर्स ने आरोप लगाया कि एयरलाइन की ओर से उन्हें सही स्थिति की जानकारी नहीं दी जा रही थी। बार-बार केवल समय बदलकर बताया जा रहा था, लेकिन देरी का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया। कई पैसेंजर्स ने कहा कि घंटों इंतजार के बावजूद उन्हें खाने-पीने की पर्याप्त सुविधा भी उपलब्ध नहीं करवाई गई।
Ayush Pareek 
