पटना में खान सर की कोचिंग पर हमला, ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर समेत 3 गिरफ्तार

पटना में खान सर की ग्लोबल स्टडीज कोचिंग पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। घटना में तोड़फोड़ और मारपीट हुई, जबकि बिहार सरकार ने नई कोचिंग नीति लाने की घोषणा की है।

पटना में खान सर की कोचिंग पर हमला, ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर समेत 3 गिरफ्तार

पटना में चर्चित शिक्षक खान सर की कोचिंग संस्था ग्लोबल स्टडीज पर मंगलवार रात हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रोशन आनंद समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक और गौरव भी शामिल हैं। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है।

कोचिंग सेंटर में तोड़फोड़ और मारपीट

घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग कोचिंग सेंटर के सुरक्षा गार्ड के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हमलावरों ने ईंट-पत्थर चलाए और कोचिंग संस्थान के पोस्टर भी फाड़ दिए। हमले में एक सुरक्षा गार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

खान सर ने लगाए गंभीर आरोप

खान सर ने हमले के लिए ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर और उसके कर्मचारियों को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि हमला अचानक हुआ और संस्थान इसके लिए तैयार नहीं था।

खान सर ने बताया कि घटना के समय अधिकांश सुरक्षा गार्ड अपनी ड्यूटी पूरी कर चुके थे। उन्होंने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता घायल गार्ड का इलाज कराना है, जिसका सिर फोड़ दिया गया है।

गोलीबारी के दावे से पीछे हटे

घटना के बाद शुरुआती बयान में खान सर ने 8 से 10 राउंड फायरिंग होने का दावा किया था, लेकिन बाद में उन्होंने अपने बयान से पीछे हटते हुए कहा कि तनावपूर्ण माहौल में उन्हें स्थिति स्पष्ट नहीं समझ आई थी।

गौरतलब है कि खान सर की ओर से दर्ज कराई गई एफआईआर में भी गोलीबारी का कोई उल्लेख नहीं है। वहीं पटना पुलिस ने भी फायरिंग की घटना से इनकार किया है।

छात्रों ने किया प्रदर्शन

हमले के विरोध में बड़ी संख्या में छात्र सड़क पर उतर आए और प्रदर्शन किया। हालांकि खान सर ने छात्रों से शांत रहने और सड़क खाली करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल छात्रों को बेहतर और सस्ती शिक्षा उपलब्ध कराना है।

बिहार सरकार बनाएगी कोचिंग नीति

घटना के बाद बिहार शिक्षा विभाग ने राज्य में कोचिंग संस्थानों के लिए नई नीति बनाने की घोषणा की है। विभाग के अनुसार अगले तीन महीनों के भीतर कोचिंग नीति तैयार की जाएगी।

नई नीति के तहत सभी कोचिंग संस्थानों के लिए एक "मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट" लागू किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और शिक्षा संस्थानों में अनुशासन बनाए रखा जा सके।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।