दिल्ली में चलती स्लीपर बस में महिला से गैंगरेप, ड्राइवर-कंडक्टर गिरफ्तार
Delhi Police ने चलती स्लीपर बस में महिला से कथित गैंगरेप मामले में ड्राइवर और हेल्पर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने महिला को बस स्टॉप से जबरन बस में खींच लिया था।
Delhi में एक बार फिर महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। राजधानी में चलती स्लीपर बस में महिला के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि बस के ड्राइवर और कंडक्टर ने करीब दो घंटे तक महिला के साथ दरिंदगी की और बाद में उसे सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
बस स्टॉप से जबरन खींचकर ले गए
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, घटना 11 मई की रात की है। पीड़िता रोज की तरह काम खत्म कर घर लौट रही थी। सरस्वती विहार इलाके के बस स्टॉप पर खड़ी महिला ने एक स्लीपर बस के दरवाजे पर मौजूद व्यक्ति से समय पूछा। आरोप है कि इसी दौरान उसे जबरन बस के अंदर खींच लिया गया।
इसके बाद आरोपी बस को नांगलोई की ओर ले गए, जहां चलती बस में महिला के साथ कथित तौर पर गैंगरेप किया गया। बताया जा रहा है कि करीब 7 किलोमीटर तक बस चलती रही और दोनों आरोपी बारी-बारी से महिला से दुष्कर्म करते रहे।
सुनसान इलाके में छोड़कर भागे आरोपी
रात करीब 2 बजे आरोपी महिला को सुनसान सड़क पर छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह पीड़िता ने पुलिस को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद Delhi Police ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और बस की पहचान की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर लिया और ड्राइवर उमेश तथा हेल्पर रामेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
बिहार नंबर की है बस
पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल बस नंबर BR-28P 3949 है, जो Gopalganj आरटीओ में रजिस्टर्ड है। यह बस दिल्ली-बिहार रूट पर चलती है और एक निजी ट्रैवल कंपनी द्वारा संचालित की जाती है।
पर्दों और बंद शीशों की वजह से बाहर नहीं पहुंची आवाज
जांच में सामने आया है कि बस के अंदर पर्दे लगे हुए थे और एसी बस होने के कारण उसके शीशे पूरी तरह बंद थे। इसी वजह से बाहर किसी को महिला की आवाज सुनाई नहीं दी और राहगीरों को वारदात का अंदाजा तक नहीं हुआ।
मामले की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो बस से सबूत जुटा रही है।
पीड़िता की हालत खराब, फिर भी अस्पताल में भर्ती होने से किया इनकार
पीड़िता शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। पुलिस ने मेडिकल जांच के बाद मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि महिला झुग्गी में रहती है। चोटें होने के बावजूद उसने अस्पताल में भर्ती होने से इनकार कर दिया और कहा कि “घर में खाना कौन बनाएगा?” फिलहाल उसका इलाज घर पर ही चल रहा है।
Saloni Kushwaha 
