कन्हैया मित्तल की साउंड ऑपरेटर से लड़ाई, बिना माइक भजन गाए

राजस्थान के अलवर में इंद्रेश उपाध्याय की श्रीमद्भागवत कथा के दौरान भजन गायक कन्हैया मित्तल का साउंड ऑपरेटर से विवाद हो गया। साउंड सिस्टम में बार-बार गड़बड़ी और कथित बदतमीजी से नाराज होकर उन्होंने माइक छोड़ दिया। बाद में उन्होंने बिना माइक श्रद्धालुओं के बीच जाकर भजन गाए, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया। इस घटना के बाद कन्हैया मित्तल ने फेसबुक लाइव में आयोजकों और इंडस्ट्री के व्यवहार पर भी सवाल उठाए। मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

राजस्थान के अलवर में इंद्रेश उपाध्याय महाराज की श्रीमद्भागवत कथा के दौरान प्रसिद्ध भजन गायक कन्हैया मित्तल को भजन गाने के लिए बुलाया गया था। लेकिन कार्यक्रम शुरू होते ही साउंड सिस्टम में गड़बड़ी हो गई। मॉनिटर की आवाज कम होने पर कन्हैया मित्तल ने ऑपरेटर से बढ़ाने को कहा, मगर ऑपरेटर ने अनसुना कर दिया और बहस शुरू हो गई।कन्हैया मित्तल ने आरोप लगाया कि ऑपरेटर ने बदतमीजी की और गंदे इशारे भी किए। कुछ देर बाद समस्या फिर हुई, तो उन्होंने माइक छोड़ दिया। आयोजकों ने साउंड वाले को समझाने के बजाय उसके साथ खड़े होकर हाथ जोड़े और कन्हैया से समझौता करने को कहा।फिर भी कन्हैया ने समझौता किया और माइक उठाया, लेकिन समस्या दोबारा होने पर उन्होंने निर्णायक कदम उठाया। उन्होंने कहा, “मैं बदतमीज के साथ नहीं गा सकता।” फिर अपने ढोल-गिटार वाले साथियों के साथ श्रद्धालुओं के बीच उतर आए और बिना माइक के पूरा जागरण किया। भक्तों के साथ जमकर भजन गाए और डांस भी किया, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया।बाद में फेसबुक लाइव में कन्हैया मित्तल ने अपनी बात कही। उन्होंने कहा, “28 साल से भजन गा रहा हूं, लेकिन बड़े-छोटे कलाकारों के साथ ऐसा धक्का आम है। आयोजक भाईबंदी के नाम पर बुलाते हैं, फिर पैसे नहीं देते या बेइज्जती करते हैं। पहले दिल्ली और कोलकाता में भी ऐसा हुआ। उन्होंने उभरते कलाकारों को सलाह दी “प्रोफेशनल बनो, बिना एडवांस या पेमेंट के मंच पर मत चढ़ो। भाईबंदी में मत जाओ, वरना ये लोग पैर की जुती समझते हैं।” उन्होंने ऐलान किया कि अब भाईबंदी में नहीं जाएंगे और अलवर वाले आयोजकों से कोई पेमेंट नहीं लेंगे।कन्हैया ने कहा, “मैं साउंड वालों से नहीं डरता, सिर्फ बाबा और माता-पिता से डरता हूं। इंद्रेश जी से मेरे अच्छे संबंध हैं, लेकिन उनके साउंड वाले की हरकत शर्मनाक है।”यह घटना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई, जहां कुछ लोग उनकी हिम्मत की तारीफ कर रहे हैं तो कुछ ट्रोल भी कर रहे हैं।