ट्रक यूनियन का प्रसाशन को 48 घंटे का अल्टीमेटम , ट्रक यूनियन कार्यालय के ताले नहीं खुलवाए तो SDM ऑफिस के सामने खड़े करेंगे ट्रक
राजस्थान के Suratgarh में न्यू जनता ट्रक ऑपरेटर यूनियन ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यूनियन कार्यालय को सीज किए जाने के विरोध में सदस्यों ने 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। उनका आरोप है कि नोटिस अवधि पूरी होने से पहले ही कार्रवाई की गई। यूनियन ने चेतावनी दी है कि अगर ताले नहीं खोले गए तो ट्रक एसडीएम कार्यालय के सामने खड़े कर दिए जाएंगे। इस मुद्दे पर आसपास के जिलों से भी समर्थन मिल रहा है, जिससे मामला और गरमाता जा रहा है।
सूरतगढ़, अमित पारीक

न्यू जनता ट्रक ऑपरेटर यूनियन के कार्यालय को सीज करने के विरोध में यूनियन के सदस्यों ने SDM के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और प्रसाशन पर भेदभाव के आरोप लगाए यूनियन के पदधिकारियो ने चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि 48 घंटे के अंदर कार्यालय के ताले नहीं खोले गए तो सभी सदस्य अपनी-अपनी गाड़ियां एसडीएम कार्यालय के सामने खड़ी कर चाबियां प्रशासन को सौंप देंगे।
ज्ञापन में यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि न्यू जनता ट्रक ऑपरेटर यूनियन का गठन ट्रक चालकों के हितो की रक्षा के लिए बनाया गया है पूर्व में यह संस्था जय श्री दुर्गा ट्रक एसोसिएशन के नाम से संचालित थी। वर्ष 1980 में नगरपालिका बोर्ड सूरतगढ़ द्वारा शहर से बाहर यूनियन के कार्यालय भवन के लिए जगह उपलब्ध करवाई गई थी, जहां यूनियन ने कार्यालय भवन के साथ दुर्गा मंदिर का भी निर्माण करवाया था। तब से यहां किसी प्रकार का विवाद नहीं था।
यूनियन के पदधिकारियो का आरोप है कि पिछले दो सप्ताह से शहर के कुछ व्यापारियों ने ट्रक यूनियन के गठन का विरोध शुरू कर दिया। पहले संस्था का रजिस्ट्रेशन रद्द करवाने की मांग की गई और जब यह संभव नहीं हुआ तो राजनीतिक दबाव बनाकर प्रशासन से यूनियन कार्यालय हटाने की मांग की गई।
पदाधिकारियों के अनुसार इसी दबाव के चलते 13 मार्च 2026 को नगरपालिका बोर्ड सूरतगढ़ की ओर से नोटिस जारी किया गया, जिसमें तीन दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया। आरोप है कि नोटिस जानबूझकर एक दिन देरी से शाम 6:30 बजे कार्यालय समय के बाद दिया गया, जबकि इसके बाद शनिवार और रविवार की छुट्टी थी। इसके बावजूद यूनियन की ओर से नोटिस का जवाब अधिशाषी अधिकारी को हाथों-हाथ दे दिया गया।
यूनियन का कहना है कि नोटिस की अवधि पूरी होने से पहले ही 15 मार्च को सुबह करीब 6 बजे अधिशाषी अधिकारी पूजा शर्मा पुलिस और पालिका जाब्ते के साथ यूनियन कार्यालय पहुंचीं और सभी सदस्यों को बाहर निकालकर भवन के सभी कमरों के गेट सीज कर दिए तथा बाहर से ताला लगा दिया।
यूनियन ने इसे एकतरफा और द्वेषपूर्ण कार्रवाई बताते हुए कहा कि उनके नोटिस के जवाब पर विचार नहीं किया गया और पुराने भवन को नया निर्माण बताकर कार्रवाई की गई। यूनियन का दावा है कि वर्ष 2005 में नगरपालिका बोर्ड द्वारा किए गए सर्वे में भी इस भवन का उल्लेख है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि भवन काफी पुराना है।
यूनियन ने उपखण्ड अधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर कार्यालय के ताले खुलवाने की मांग की है। प्रदर्शन के दौरान यूनियन अध्यक्ष जयवीर सिंह राठौड़ सहित संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों से भी ट्रक यूनियन के कई सदस्य समर्थन में पहुंचे

Hindu Solanki 
