गर्मी जोरदार, कूलर फेंक रहे आग !

नौतपा से पहले ही गर्मी ने पसीने छुड़ा दिए हैं, अब आगे क्या होगा इसके बारे में कहना मुश्किल है।

गर्मी जोरदार, कूलर फेंक रहे आग !

राजस्थान में गर्मी हर रोज रिकॉर्ड तोड़ रही है. नौतपा आना अभी बाकी है लेकिन उससे पहले ही तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है. सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया है. नौतपा आने से पहले ही रेगिस्तानी धरती उबलने लगी है. ऐसे में लोग सोचकर ही परेशान हैं कि जब नौतपा आएगा तो गर्मी का क्या हाल होगा.


चित्तौड़गढ़ रहा सबसे गर्म
प्रदेश में पिछले तीन-चार दिनों से दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी भारी बढ़ोतरी देखी जा रही है. पश्चिमी राजस्थान में भयंकर लू चल रही है. इस सीजन में चित्तौड़गढ़ 46.3 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा है. 

इसके अलावा श्रीगंगानगर में 45.9 डिग्री, अलवर में 45.8 डिग्री और पिलानी में पारा 45.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. राजधानी जयपुर भी इससे बच नहीं पाई, जहां अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री तक जा पहुंचा है.

दिन हो या रात, कूलर फेंक रहे आग
मौसम विभाग जयपुर के मुताबिक बीकानेर मंडल, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर के उत्तरी जिलों और भरतपुर व कोटा संभाग में फिलहाल राहत की कोई उम्मीद नहीं है. अगले 4-5 दिनों तक दिन का पारा 44 से 45 डिग्री के बीच रहेगा. सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि रात का तापमान भी सामान्य से दो-तीन डिग्री ज्यादा चल रहा है, जिससे लोगों को चौबीसों घंटे उमस और भयंकर तपिश झेलनी पड़ रही है. ग्रामीण इलाकों में पानी की किल्लत और बिजली कटौती ने इस समस्या को और बढ़ा दिया है.


क्या है नौतपा

ज्योतिष और मौसम विज्ञान के अनुसार जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है, तो उसके अगले 9 दिनों को 'नौतपा' कहा जाता है. माना जाता है कि इस दौरान सूर्य पृथ्वी के सबसे नजदीक होता है और सबसे ज्यादा गर्मी पैदा करता है. साल 2026 में नौतपा 25 मई से शुरू होकर 2 जून तक चलेगा. लोग इससे इसलिए डर रहे हैं क्योंकि अभी से पारा 46 डिग्री पार है, तो नौतपा में लू और हीटस्ट्रोक का खतरा कई गुना बढ़ जाएगा, जिससे डिहाइड्रेशन की गंभीर समस्या हो सकती है.