रेलवे ने खोली राजस्थानियों के लिए लॉटरी, 22 मई को 3 ट्रेनों की सौगात

22 मई का दिन राजस्थान के लिए खास रहने वाला है. केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय की ओर से प्रदेश को तीन रेल सौगातें मिलेंगी

रेलवे ने खोली राजस्थानियों के लिए लॉटरी, 22 मई को 3 ट्रेनों की सौगात

22 मई का दिन राजस्थान के लिए खास रहने वाला है. केंद्र सरकार और रेलवे मंत्रालय की ओर से प्रदेश को तीन रेल सौगातें मिलेंगी. केंद्री रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय गजेंद्र सिंह शेखावत विभिन्न रेल परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे. रेलवे की इन नई सुविधाओं से राजस्थान के कई जिलों को सीधा फायदा मिलेगा और यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी के साथ अधिक सीटों की सुविधा भी उपलब्ध हो सकेगी.


जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत में बढ़ेंगे कोच
जोधपुर-दिल्ली कैंट वंदे भारत में यात्रियों की बढ़ती संख्या को लेकर बड़ा बदलाव किया जा रहा है. ट्रेन में मौजूदा 8 कोचों की संख्या बढ़ाकर 20 की जाएगी. इससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. रेलवे अधिकारियों के अनुसार, 12 अतिरिक्त कोच जुड़ने से ट्रेन में करीब 936 नई सीटें उपलब्ध हो जाएंगी. इससे जोधपुर और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सीट भी मिलेगी और सफर भी आसान हो जाएगा.


साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस अब जैसलमेर तक जाएगी
रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए साबरमती-जोधपुर एक्सप्रेस का विस्तार भी करने का फैसला लिया है. अब ये ट्रेन जैसलमेर तक संचालित की जाएगी. इससे पश्चिमी राजस्थान के पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना जताई जा रही है.


जालोर से दिल्ली के लिए नई रेल सेवा शुरू
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 22 मई 2026 को जालोर से भुज-दिल्ली उद्घाटन स्पेशल रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. ये ट्रेन भीलड़ी, जालोर, पाली मारवाड़ और मारवाड़ जंक्शन होते हुए दिल्ली पहुंचेगी. यानि दिल्ली जाने वालों को अब सीधे ट्रेन मिल जाएगी।

22 मई को होने वाले इस कार्यक्रम के लिए  जालोर सांसद लुंबाराम सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे. नई रेल सेवा के शुरू होने से जालोर जिले का पहली बार देश की राजधानी दिल्ली से सीधा संपर्क स्थापित होगा.


कई प्रमुख स्टेशनों को मिलेगा फायदा
भुज से दिल्ली के बीच चलने वाली यह रेल सेवा अंजार, गांधीधाम, भचाऊ, भीलड़ी, धनेरा, रानीवाड़ा, भीनमाल, मोदरान, जालोर, मोकलसर, समदड़ी, लूनी, पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, अलवर और रेवाड़ी सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी. रेलवे का मानना है कि ये नई ट्रेन पश्चिमी भारत और उत्तर भारत के बीच संपर्क को मजबूत करेगी. साथ ही व्यापार, पर्यटन और यात्रियों की आवाजाही को भी नया बढ़ावा मिलेगा.