मान गए धरती के भगवान, प्राइवेट अस्पतालों में फिर से मुफ्त इलाज का फायदा

राजस्थान के लाखों सरकारी कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और आम मरीजों के लिए बड़ी खबर है

मान गए धरती के भगवान, प्राइवेट अस्पतालों में फिर से मुफ्त इलाज का फायदा

राजस्थान के लाखों सरकारी कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और आम मरीजों के लिए बड़ी खबर है. पिछले कई दिनों से चल रहा मेडिकल गतिरोध अब पूरी तरह खत्म हो गया है. इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) राजस्थान और अन्य चिकित्सा संगठनों ने राज्य सरकार के साथ हुई एक हाई-लेवल बैठक के बाद राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम RGHS के बहिष्कार को आधिकारिक तौर पर वापस ले लिया है. इसी के साथ अब प्राइवेट अस्पतालों में मरीजों को इसका फायदा मिलने लगेगा. मुफ्त इलाज और ऑपरेशन की सुविधाएं वापस से शुरू हो गई है.


स्वास्थ्य मंत्री की बैठक में बनी बात
देर शाम डॉक्टरों के एक बड़े प्रतिनिधिमंडल ने सूबे के चिकित्सा मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा और चिकित्सा विभाग की प्रधान सचिव गायत्री राठौड़ के साथ सचिवालय में लंबी बैठक की. बैठक में डॉक्टरों ने RGHS स्कीम के नियमों में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों और अस्पतालों के करोड़ों रुपये के पेंडिंग पेमेंट्स का मुद्दा उठाया. डॉक्टरों की दलीलों को सुनने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने तुरंत एक्शन लिया और अफसरों को दो-टूक निर्देश जारी किए.


10 दिन में बदलेंगे नियम, जारी होगी नई SOP
IMA राजस्थान के अध्यक्ष डॉ. महेश शर्मा और सचिव डॉ. एनके अग्रवाल ने बताया कि सरकार का रुख पॉजिटिव रहा है. चिकित्सा मंत्री ने RGHS प्रशासन को सख्त आदेश दिया है कि डॉक्टरों की ओर से सौंपे गए सुझावों को शामिल करते हुए अगले 10 दिनों के भीतर योजना की नई और संशोधित गाइडलाइन जारी की जाए. इसके अलावा, नियमों को आसान बनाने और क्लेम की कड़ियों को पारदर्शी रखने के लिए एक जॉइंट कमेटी भी बनाई जाएगी, जिसमें आरजीएचएस अधिकारियों के साथ-साथ आईएमए के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे.


अस्पतालों को मिलेगा बकाया पैसा, प्राइवेट एम्बुलेंस पर सख्ती
बैठक में सरकार ने डॉक्टरों को लिखित आश्वासन दिया है कि निजी अस्पतालों का जितना भी जायज बकाया पैसा अटका हुआ है, उसे जल्द से जल्द बजट जारी करके क्लियर किया जाएगा. साथ ही, भविष्य के पेमेंट्स के लिए एक तय टाइमलाइन बनाई जाएगी ताकि अस्पतालों को बार-बार चक्कर न काटने पड़ें. सरकार के इस ठोस कदम के बाद डॉक्टरों ने हड़ताल खत्म कर तुरंत काम पर लौटने का ऐलान कर दिया. अब किसी भी मरीज को प्राइवेट अस्पतालों से बिना इलाज के खाली हाथ नहीं लौटना पड़ेगा.
------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------------
देश-प्रदेश की ताजा खबरों के लिए PK टाइम्स से जुड़े रहें. आपके शहर की खबर सबसे पहले मिलेगी. क्योंकि हम हर पल आपके लिए तैयार रहते हैं. हमारे साथ जुड़े रहिए और रहिए अपडेट