LPG Price Hike: जून की शुरुआत में महंगाई का झटका, कमर्शियल गैस सिलेंडर फिर हुआ महंगा
1 जून से कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी गई है। दिल्ली में 19 किलो वाला सिलेंडर 42 रुपये और कोलकाता में 53.50 रुपये महंगा हुआ है। जानें नई दरें और इसका असर।
जून महीने की शुरुआत आम लोगों के लिए महंगाई की नई मार लेकर आई है। सरकारी तेल एवं गैस कंपनियों ने एक बार फिर एलपीजी के कमर्शियल सिलेंडरों की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। नई दरें 1 जून से लागू हो गई हैं, जिससे होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों की लागत बढ़ने की आशंका है।
दिल्ली-एनसीआर में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 42 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद इसकी नई कीमत 3,113.50 रुपये हो गई है। वहीं, कोलकाता में कमर्शियल सिलेंडर 53.50 रुपये महंगा होकर 3,255.50 रुपये का हो गया है।
इसके अलावा 5 किलोग्राम वाले फ्री ट्रेड एलपीजी (FTL) सिलेंडर की कीमत में भी 11 रुपये का इजाफा किया गया है। दिल्ली में अब यह सिलेंडर 821.50 रुपये में उपलब्ध होगा।
एक महीने में दूसरी बार बढ़े दाम
गौरतलब है कि गैस कंपनियों ने लगातार दूसरे महीने कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी की है। इससे पहले 1 मई को भी कमर्शियल सिलेंडरों के दाम में भारी वृद्धि की गई थी। उस समय कीमतों में 993 रुपये तक का इजाफा किया गया था।
होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर असर
कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग मुख्य रूप से होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों और अन्य छोटे व्यवसायों में किया जाता है। ऐसे में कीमत बढ़ने का सीधा असर कारोबारियों की लागत पर पड़ेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि गैस की बढ़ी हुई कीमतों का असर खाने-पीने की वस्तुओं के दामों पर भी देखने को मिल सकता है।
आम लोगों पर भी पड़ सकता है असर
हालांकि घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन कमर्शियल सिलेंडरों की कीमत बढ़ने से बाहर खाने-पीने की लागत बढ़ सकती है। ऐसे में होटल और रेस्टोरेंट संचालक बढ़ी हुई लागत का बोझ ग्राहकों पर डाल सकते हैं।
जून के पहले ही दिन हुई इस बढ़ोतरी ने महंगाई को लेकर आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। अब कारोबारियों और उपभोक्ताओं की नजर आगे होने वाले मूल्य संशोधनों पर रहेगी।

