कॉकरोच जनता पार्टी का 6 जून को प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग लेकर दिल्ली पहुंचेंगे अभिजीत दीपके

कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके 6 जून को दिल्ली में प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है। छात्रों और युवाओं से आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई है। परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों को लेकर यह प्रदर्शन चर्चा में है।

कॉकरोच जनता पार्टी का 6 जून को प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग लेकर दिल्ली पहुंचेंगे अभिजीत दीपके
Dharmendra Pradhan

नई दिल्ली: नई दिल्ली: सोशल मीडिया पर चर्चित ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 6 जून को भारत लौटने और राष्ट्रीय स्तर पर एक शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। अमेरिका में रह रहे दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर छात्रों, युवाओं और अपने समर्थकों से दिल्ली में उनके साथ जुड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि देशभर में परीक्षा व्यवस्थाओं को लेकर लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों और विवादों के खिलाफ अब संगठित होकर आवाज उठाने का समय आ गया है।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई

अभिजीत दीपके ने अपने वीडियो संदेश में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। उनका कहना है कि विभिन्न परीक्षाओं में सामने आए विवादों और कथित अनियमितताओं ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान के दायरे में रहते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात सरकार तक पहुंचाना लोकतांत्रिक अधिकार है और इसी उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया जा रहा है।

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति लेने की तैयारी

दीपके के अनुसार वह 6 जून की सुबह दिल्ली पहुंचेंगे। उन्होंने अपने समर्थकों से एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने और उसके बाद सामूहिक रूप से संसद मार्ग थाने पहुंचकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति मांगने का आह्वान किया है। उनका कहना है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाएगा। यदि अनुमति मिलती है तो जंतर-मंतर पर छात्रों और युवाओं के साथ मिलकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

क्या है ‘कॉकरोच जनता पार्टी’?

दरअसल, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ कोई पारंपरिक राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से शुरू हुआ एक युवा-केंद्रित आंदोलन है। व्यंग्यात्मक अंदाज और आक्रामक सोशल मीडिया अभियानों के कारण यह तेजी से लोकप्रिय हुआ। कई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और सार्वजनिक हस्तियों ने भी इसके अभियानों का समर्थन किया है। भारत में इसके मूल एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर कार्रवाई के बाद अभिजीत दीपके ने “Cockroach Is Back” नाम से नया सोशल मीडिया अभियान शुरू किया, जिसने फिर से बड़ी संख्या में युवाओं का ध्यान आकर्षित किया।

परीक्षा प्रणाली से जुड़े मुद्दों पर केंद्रित है अभियान

हाल के महीनों में यह अभियान विशेष रूप से परीक्षा प्रणाली में कथित खामियों और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विवादों पर केंद्रित रहा है। अभिजीत दीपके लगातार छात्रों से जुड़ी समस्याओं को सोशल मीडिया पर उठाते रहे हैं और उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने की मांग की है। अब 6 जून को दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है और बड़ी संख्या में छात्र इस कार्यक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।