RSSB CET-2026 में बड़ा बदलाव: अब होगी नेगेटिव मार्किंग, सर्टिफिकेट 3 साल तक मान्य
RSSB ने CET-2026 में नेगेटिव मार्किंग और कठिन परीक्षा पैटर्न लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है। स्नातक स्तर की परीक्षा नवंबर और सीनियर सेकंडरी परीक्षा दिसंबर 2026 में होगी।
राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड (RSSB) ने CET-2026 को लेकर बड़ी तैयारियां शुरू कर दी हैं। इस बार समान पात्रता परीक्षा (CET) के नियमों और परीक्षा पैटर्न में कई अहम बदलाव किए जा रहे हैं। सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब CET में नेगेटिव मार्किंग लागू होगी। साथ ही परीक्षा का स्तर पहले से ज्यादा कठिन रखा जाएगा।
RSSB अध्यक्ष आलोक राज के अनुसार, बोर्ड की कोशिश है कि केवल 3 से 4 लाख अभ्यर्थी ही पात्र हो सकें। इसके लिए परीक्षा में निगेटिव मार्किंग लागू करने का फैसला लिया गया है।
नवंबर-दिसंबर में होंगी परीक्षाएं, 20 लाख युवाओं को राहत
बोर्ड के अनुसार CET स्नातक स्तर की परीक्षा नवंबर 2026 में और सीनियर सेकंडरी स्तर की परीक्षा दिसंबर 2026 में आयोजित की जाएगी। स्नातक स्तर के आवेदन जून 2026 से शुरू होंगे, जबकि सीनियर सेकंडरी स्तर के आवेदन जुलाई 2026 में शुरू होने की संभावना है।
इस बार CET सर्टिफिकेट की वैधता 1 साल से बढ़ाकर 3 साल कर दी गई है, जिससे 20 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को बड़ा फायदा मिलेगा। पात्रता के लिए सामान्य वर्ग को न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक लाने होंगे, जबकि आरक्षित वर्ग को 5 प्रतिशत की छूट मिलेगी।
CET पास करने वाले अभ्यर्थियों के लिए पटवारी, ग्राम विकास अधिकारी (VDO), एलडीसी, पुलिस कांस्टेबल, कनिष्ठ लेखाकार, प्लाटून कमांडर, छात्रावास अधीक्षक और महिला पर्यवेक्षक सहित 19 से 23 बड़ी भर्तियों का रास्ता खुलेगा।
बता दें कि CET-2024 की वैधता फरवरी 2026 में समाप्त हो चुकी है, जिसके बाद लाखों अभ्यर्थी नई परीक्षा का इंतजार कर रहे थे। अब CET-2026 के आयोजन के बाद लंबे समय से अटकी भर्ती प्रक्रियाओं में तेजी आने की उम्मीद है।
Saloni Kushwaha 
