खान सर पर दर्ज हुई FIR! फायरिंग विवाद में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला
पटना में फायरिंग विवाद मामले में चर्चित शिक्षक Khan Sir के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने उनके दो अंगरक्षकों समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है और मामले की जांच जारी है।
चर्चित शिक्षाविद और कोचिंग संचालक खान सर फायरिंग विवाद को लेकर कानूनी मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में हुए विवाद के मामले में पुलिस ने खान सर के खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार यह मामला खान सर के अंगरक्षक की गिरफ्तारी और उससे हुई पूछताछ के आधार पर दर्ज किया गया है। पुलिस फिलहाल पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है और सभी पहलुओं को खंगाल रही है। हालांकि अभी तक पुलिस की ओर से खान सर की संभावित गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
इससे पहले गुरुवार को पटना पुलिस ने खान सर से कई घंटों तक पूछताछ की थी। जांच एजेंसियां घटना से जुड़े वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार आगे भी खान सर को पूछताछ के लिए बुलाया जा सकता है।
इस मामले में अब तक कुल पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक समेत तीन लोग और खान सर के दो अंगरक्षक शामिल हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने खान सर के दोनों अंगरक्षकों के हथियार भी जब्त कर लिए हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि घटना के दौरान हथियारों का इस्तेमाल हुआ था या नहीं और फायरिंग को लेकर सामने आए दावों में कितनी सच्चाई है।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Saloni Kushwaha 
