राजस्थान में मौत की आंधी, 4 की जिंदगी खत्म...सबसे ज्यादा बारिश श्रीडूंगरगढ़ में दर्ज

प्रदेश के कई जिलों में देर रात अचानक से मौसम बदला और तेज आंधी के बाद झमाझम बारिश ने लोगों के लिए राहत के साथ साथ मुसीबत खड़ी कर दी।

राजस्थान में मौत की आंधी, 4 की जिंदगी खत्म...सबसे ज्यादा बारिश श्रीडूंगरगढ़ में दर्ज

राजस्थान में मानसून जुलाई के पहले हफ्ते में पहुंचेगा। इससे पहले प्रदेश में प्री-मानसून की शुरुआत हो गई। उदयपुर में शुक्रवार अलसुबह बरसात हुई। जयपुर में गुरुवार को रातभर रुक-रुककर बरसात हुई। धौलपुर, भरतपुर और भीलवाड़ा में अंधड़ के कारण एक महिला सहित 4 लोगों की मौत हो गई। कई घरों को भी नुकसान पहुंचा है। श्रीगंगानगर में भी गुरुवार शाम को तूफानी बारिश हुई। मौसम विभाग ने राज्य में 7 जून तक आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिसमें ज्यादातर हिस्सा पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान का है। शुक्रवार को 14 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 8 जिलों मे यलो अलर्ट है।

हनुमानगढ़, चूरू में तूफानी बारिश: 
प्रदेश में गुरुवार सुबह से दोपहर तक अधिकांश हिस्सों में मौसम बदलता रहा। लेकिन दोपहर बाद मौसम में बदलाव होने लगा और झुंझुनूं, हनुमानगढ़, चूरू, बीकानेर बेल्ट में कुछ स्थानों पर आंधी चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। हनुमानगढ़ के नोहर, चूरू के तारानगर एरिया और उसके आसपास दिन में तूफानी बारिश देखने को मिली। जयपुर में रातभर बारिश का दौर जारी रहा।


मां-बेटे पर दीवार गिरी, एक मौत: 
भरतपुर जिले के झोरोल में आंधी से एक निर्माणाधीन दीवार गिर गई। इस हादसे में एक 55 साल की महिला इंद्रा देवी की मौत हो गई। उनका दिव्यांग बेटा घायल हो गया। दोनों दीवार के सहारे बैठे हुए थे। तभी तेज अंधड़ के दौरान दीवार भरभराकर गिर गई और दोनों मलबे में दब गए।


भीलवाड़ा में युवक की मौत: 
भीलवाड़ा के बिजोलिया उपखंड क्षेत्र में आंधी चली और बारिश हुई। घर के बरामदे में पानी पी रहे जाबदा गांव निवासी देवीलाल धाकड़ (45) के गले पर अंधड़ में उड़कर आई लोहे की चादर लगी। इससे उनकी मौत हो गई। धौलपुर क बसेड़ी में भी दीवार की नीचे दबने से 2 भाइयों की मौत हो गई।


8 जून से आएगी बारिश में कमी:
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में राज्य के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन के साथ मध्यम से तेज बारिश दर्ज हुई है। सर्वाधिक बारिश श्रीडूंगरगढ़ (बीकानेर) में 75 मिमी दर्ज की गईं। राज्य के ऊपर बने परिसंचरण तंत्र के प्रभाव से कुछ भागों में आंधी बारिश की गतिविधियां आगामी 2-3 दिन जारी रहने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में छुटपुट स्थानों पर मध्यम दर्जे का मेघगर्जन, हल्की बारिश की संभावना है। आंधी बारिश की गतिविधियों में 8 जून से कमी होने और तापमान में 2-3 डिग्री बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती क्षेत्रों में 8 से 11 जून के दौरान कुछ स्थानों पर अधिकतम तापमान 44-46 डिग्री से ज्यादा दर्ज होने व कहीं-कहीं हीटवेव चलने की संभावना है।


देश-दुनिया की हर अपडेट खबरें सिर्फ यहां मिलेगी। PK टाइम्स पर हर पल की जानकारी सबसे पहले, क्योंकि हमारी टीम रहती है हर पल तैयार। जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहिए अपडेट। प्ले स्टोर से PKTIMES एप भी डाउनलोड कर आप देख सकते हैं तमाम खबरें।।