Maotha Lake Boating: आमेर के मावठा झील में शुरू होगी कश्मीरी स्टाइल शिकारा बोटिंग, 20 फरवरी से मिलेगा नया अनुभव
Maotha Lake Boating: 20 फरवरी से मावठा झील में शिकारा बोटिंग की शुरुआत होगी। पर्यटक अपने परिवार या समूह के साथ लगभग एक घंटे तक झील में सैर कर सकेंगे।
Maotha Lake Boating: राजधानी जयपुर के ऐतिहासिक आमेर क्षेत्र में पर्यटकों के लिए एक नई सौगात तैयार की जा रही है। मावठा झील में जल्द ही कश्मीरी अंदाज की शिकारा बोटिंग शुरू होने जा रही है। यह पहल आमेर को एक आइकॉनिक टूरिस्ट स्पॉट के रूप में विकसित करने की दिशा में उठाया गया अहम कदम है। बसंत ऋतु के आगमन के साथ पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए इस सुविधा को शुरू किया जा रहा है।
20 फरवरी से पर्यटक उठा सकेंगे बोटिंग का आनंद
जानकारी के अनुसार 20 फरवरी से मावठा झील में शिकारा बोटिंग की शुरुआत होगी। पर्यटक अपने परिवार या समूह के साथ लगभग एक घंटे तक झील में सैर कर सकेंगे। इस दौरान आमेर महल का भव्य दृश्य और आसपास की पहाड़ियों की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लिया जा सकेगा। इसके साथ ही स्पीड बोट और 20 सीटर नाव की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
20 सीटर बोट में सांस्कृतिक कार्यक्रम और राजस्थानी व्यंजन
विशेष रूप से तैयार की गई 20 सीटर बोट में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के लिए लाइव राजस्थानी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। इससे स्थानीय कलाकारों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और राज्य की सांस्कृतिक पहचान को बढ़ावा मिलेगा। पर्यटकों को पारंपरिक राजस्थानी पैक्ड व्यंजन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अलावा 4 सीटर बोट, पैडल बोट और हाई-स्पीड बोटिंग जैसी अन्य सुविधाएं भी चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएंगी। हालांकि किराया दरों की घोषणा अभी बाकी है।
Saloni Kushwaha 
