Ajmer News : अजमेर में गैस सिलेंडर फटने से इंजीनियरिंग छात्र झुलसा, इलाके में मचा हड़कंप
Ajmer News : नाका मदार बैंक कॉलोनी स्थित मकान की दूसरी मंजिल पर रहने वाला छात्र कृष्णा सैनी गैस चूल्हे पर खाना तैयार कर रहा था। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में विस्फोट हो गया
Ajmer News : अजमेर के नाका मदार इलाके में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक आवासीय मकान में घरेलू गैस सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया। हादसे में इंजीनियरिंग कॉलेज का एक छात्र गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
दूसरी मंजिल के कमरे में खाना बनाते समय हुआ जोरदार धमाका
बताया जा रहा है कि नाका मदार बैंक कॉलोनी स्थित मकान की दूसरी मंजिल पर रहने वाला छात्र कृष्णा सैनी गैस चूल्हे पर खाना तैयार कर रहा था। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में विस्फोट हो गया, जिससे कमरे में आग फैल गई और तेज धमाके के कारण लोहे का दरवाजा व खिड़की दीवार से उखड़कर बाहर जा गिरे।
चेहरे और ऊपरी हिस्से में झुलसा छात्र, अस्पताल में इलाज जारी
हादसे के बाद छात्र ने पास रखे पानी से आग बुझाने की कोशिश की। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तुरंत जेएलएन अस्पताल ले जाया गया। आग की चपेट में आने से छात्र का चेहरा और शरीर का ऊपरी हिस्सा झुलस गया है। फिलहाल उसकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।

