Rajasthan Weather : राजस्थान में पारे में गिरावट, सर्दी ने दिखाया तेवर...किसानों की बढ़ी चिंता
Rajasthan Weather : राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। सीकर, जयपुर और आसपास के इलाकों में दृश्यता कम होने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा।
Rajasthan Weather :राजस्थान में मौसम का पैटर्न एक बार फिर बदलता दिखाई दे रहा है। पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह घना कोहरा छाया रहा, जबकि दक्षिणी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में हल्की बारिश ने ठंड को और तेज कर दिया है। मौसम में यह परिवर्तन पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण माना जा रहा है, जिसका असर विशेष रूप से कोटा और उदयपुर संभाग में देखा जा रहा है।
भीलवाड़ा से झालावाड़ तक बारिश
बीते 24 घंटों के दौरान भीलवाड़ा जिले के आनंदपुरी और गढ़ी परतापुर क्षेत्र में दोपहर बाद वर्षा दर्ज की गई। इसके साथ ही बारां, बूंदी और झालावाड़ जिलों में भी हल्की बूंदाबांदी हुई। झालावाड़ के डग क्षेत्र में लगभग 9 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई, जो इस अवधि में सबसे अधिक रही। अचानक बदले मौसम ने खासकर किसानों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि यह समय फसलों के लिए संवेदनशील माना जाता है।
कोहरे की मार, यातायात प्रभावित
राज्य के उत्तर-पूर्वी जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। सीकर, जयपुर और आसपास के इलाकों में दृश्यता कम होने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि दिन चढ़ने के साथ धूप निकलने से ठंड के असर में थोड़ी कमी महसूस की गई।
आने वाले दिनों के मौसम का हाल
मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में आगामी 24 घंटों के दौरान मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। इससे तापमान में हल्की गिरावट और सर्दी में इजाफा संभव है।
Saloni Kushwaha 
