अलवर में IAS जोड़े ने सादगी से रचाई शादी, परिवार और अधिकारी बने गवाह

अलवर के IAS माधव भारद्वाज और अदिति वासने ने बिना किसी भव्य आयोजन के साधारण लेकिन प्रेरक शादी की। सादगी और प्यार की मिसाल पेश करती यह कहानी युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

अलवर में IAS जोड़े ने सादगी से रचाई शादी, परिवार और अधिकारी बने गवाह
Madhav Bhardwaj And Aditi Vasane

राजस्थान के अलवर में बुधवार को एक खास और प्रेरणादायक शादी देखने को मिली। 2023 बैच के अलवर SDM माधव भारद्वाज और गुजरात के जामनगर की SDM अदिति वासने ने बिना किसी भव्य समारोह या दिखावे के अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप दिया। शादी अलवर जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के चैंबर में हुई।

कोई बैंड-बाजा नहीं, कोई ढोल-नगाड़ा नहीं

शादी में पारंपरिक शाही रस्मों या महंगे आयोजनों की जगह सिर्फ परिवार के कुछ सदस्य और अधिकारी मौजूद थे। कलेक्टर के चैंबर में दोनों ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाई और शादी की औपचारिकताएं पूरी की। इसके बाद वे साधारण कार में अपने नए जीवन की शुरुआत करने के लिए रवाना हुए।

IAS ट्रेनिंग से शुरू हुआ प्यार का सफर

माधव और अदिति की कहानी मसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में हुई IAS ट्रेनिंग से शुरू हुई। वहां दोनों पहले दोस्त बने और धीरे-धीरे दोस्ती ने प्यार का रूप ले लिया। यह रिश्ता समय के साथ मजबूत होता गया और परिवार की मंजूरी मिलने के बाद अब जीवन भर के बंधन में बदल गया।

अदिति वासने UPSC की स्टार

अदिति वासने ने अपनी पहली ही कोशिश में UPSC 2023 में 57वीं रैंक हासिल की। दिल्ली यूनिवर्सिटी के जीसस एंड मैरी कॉलेज (कहीं मिरांडा हाउस के भी सूत्र) से BA ऑनर्स करने के बाद उन्होंने अपने सिविल सेवा का सपना साकार किया। आज वे गुजरात में SDM के रूप में कार्यरत हैं।

माधव भारद्वाज की प्रेरक यात्रा

माधव ने NIT प्रयागराज से कंप्यूटर साइंस में BTech और IIM अहमदाबाद से MBA किया। Microsoft जैसी बड़ी कंपनी में नौकरी करने के बाद उन्होंने अपने सिविल सेवा के सपने को पूरा करने के लिए नौकरी छोड़ दी। UPSC 2023 में 536वीं रैंक के साथ IAS बने और वर्तमान में अलवर में SDM के पद पर कार्यरत हैं।