Jaipur News : जयपुर-अजमेर हाईवे पर केमिकल टैंकर में लगी आग, बड़ी दुर्घटना टली

Jaipur News : दमकल की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले, 10 मिनट में आग पर पाया काबू

Jaipur News : जयपुर-अजमेर हाईवे पर केमिकल टैंकर में लगी आग, बड़ी दुर्घटना टली
टैंकर

Jaipur News : जयपुर-अजमेर हाईवे पर सोमवार तड़के एक गंभीर हादसा होते-होते बच गया। अजमेर से जयपुर की ओर आ रहे मिथाइल रसायन से लदे टैंकर में रामचन्द्रपुरा पुलिया के समीप अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास से गुजर रहे वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। हालांकि चालक की समझदारी और पुलिस-दमकल की त्वरित कार्रवाई के चलते स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया।

टायर से निकली चिंगारी बनी आग की वजह

प्राथमिक जांच में संकेत मिले हैं कि पुलिया पर चढ़ते समय टैंकर के पहिए के पास से चिंगारी निकली, जिसने नीचे के हिस्से में आग पकड़ ली। चूंकि टैंकर में ज्वलनशील केमिकल भरा था, इसलिए आग तेजी से फैलने लगी। चालक ने हालात को भांपते हुए वाहन को तुरंत सड़क किनारे रोका और सुरक्षित बाहर निकल आया।

पुलिस ने दिखाया साहस, पहले पहुंचकर संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही भांकरोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। दमकल दल के आने से पहले ही पुलिसकर्मियों ने उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों से आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया।

दमकल दल की त्वरित कार्रवाई से बची बड़ी अनहोनी

कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। करीब 10 मिनट की मेहनत के बाद आग पूरी तरह काबू में कर ली गई। एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात धीमा रहा, लेकिन हालात सामान्य होते ही ट्रैफिक बहाल कर दिया गया।

समय रहते आग बुझ जाने से एक संभावित बड़े विस्फोट और जान-माल के नुकसान को टाल दिया गया।