Rajasthan Education News : 5वीं और 8वीं में अब नहीं मिलेगा सीधा प्रमोशन, न्यूनतम अंक लाना होगा जरूरी

Rajasthan Education News : नए सत्र 2026-27 से बदलेगा नियम, फेल छात्रों के लिए होगी विशेष तैयारी कक्षाएं।

Rajasthan Education News : 5वीं और 8वीं में अब नहीं मिलेगा सीधा प्रमोशन, न्यूनतम अंक लाना होगा जरूरी
Classroom

Rajasthan Education News : राजस्थान सरकार ने स्कूल शिक्षा प्रणाली में बड़ा बदलाव करने का फैसला लिया है। अब प्रदेश में पांचवीं और आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों को बिना परीक्षा परिणाम देखे अगली कक्षा में नहीं भेजा जाएगा। शैक्षणिक सत्र 2026-27 से ऑटोमेटिक प्रमोशन की व्यवस्था समाप्त कर न्यूनतम अंक अनिवार्य कर दिए गए हैं। सरकार का मानना है कि इससे छात्रों की पढ़ाई के प्रति गंभीरता बढ़ेगी और सीखने की गुणवत्ता में सुधार होगा।

कम अंक आने पर मिलेगी विशेष कोचिंग

शिक्षा विभाग के अनुसार, जो विद्यार्थी निर्धारित न्यूनतम अंक हासिल नहीं कर पाएंगे, उन्हें तुरंत फेल घोषित नहीं किया जाएगा। ऐसे छात्रों के लिए लगभग डेढ़ से दो महीने तक विशेष कक्षाएं चलाई जाएंगी। इस अवधि में उन्हें विषयवार अतिरिक्त मार्गदर्शन दिया जाएगा।

इसके बाद दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। यदि छात्र इस परीक्षा में सफल होते हैं, तो उन्हें अगली कक्षा में प्रवेश दे दिया जाएगा।

RTE छात्रों की फीस सरकार ही भरेगी

निजी स्कूलों में आरटीई के तहत पढ़ रहे बच्चों के लिए भी विशेष प्रावधान किया गया है। यदि कोई छात्र असफल होता है, तो उसे उसी कक्षा में दोबारा पढ़ने का अवसर मिलेगा और उसकी फीस सरकार द्वारा वहन की जाएगी। हालांकि, स्कूल प्रबंधन को असफलता का स्पष्ट कारण बताना होगा।

शिक्षकों की भी तय होगी जिम्मेदारी

शिक्षा विभाग का कहना है कि केवल छात्रों पर ही नहीं, बल्कि शिक्षकों की जवाबदेही भी तय की जाएगी। नियमित मॉनिटरिंग के जरिए यह देखा जाएगा कि पढ़ाई का स्तर बेहतर हो और छात्र तय मानकों तक पहुंचें।

सरकार को उम्मीद है कि इस नई व्यवस्था से प्रदेश के स्कूलों में शिक्षण गुणवत्ता में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।