शिक्षा विभाग ने नीरजा मोदी स्कूल को थमाया नोटिस, 7 दिन में जवाब नहीं दिया तो रद्द हो सकती है मान्यता

जयपुर में कक्षा चार की छात्रा अमायरा की मौत के मामले में राजस्थान शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। शिक्षा विभाग ने नीरजा मोदी स्कूल को नोटिस जारी करते हुए 7 दिन के भीतर जवाब मांगा है।

शिक्षा विभाग ने नीरजा मोदी स्कूल को थमाया नोटिस, 7 दिन में जवाब नहीं दिया तो रद्द हो सकती है मान्यता

जयपुर। जयपुर में कक्षा चार की छात्रा अमायरा की मौत के मामले में राजस्थान शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। शिक्षा विभाग ने नीरजा मोदी स्कूल को नोटिस जारी करते हुए 7 दिन के भीतर जवाब मांगा है। जांच रिपोर्ट के आधार पर यह नोटिस जारी किया गया है, जिसमें स्कूल प्रशासन की गंभीर लापरवाही सामने आई है।

यह जांच जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक रामनिवास शर्मा की अध्यक्षता वाली कमेटी द्वारा की गई थी। जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों और शिक्षा मंत्री को सौंपे जाने के बाद अब विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो कड़ी कार्रवाई

शिक्षा विभाग ने नोटिस में स्पष्ट किया है कि यदि तय समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो स्कूल की एनओसी रद्द की जा सकती है। इसके साथ ही विद्यालय की मान्यता समाप्त करने तक की कार्रवाई भी की जा सकती है।

जांच रिपोर्ट में सामने आईं गंभीर खामियां

शिक्षा विभाग की जांच रिपोर्ट में बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई गंभीर कमियां पाई गईं। रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि—

स्कूल में पर्याप्त सुरक्षाकर्मी और सहायिका मौजूद नहीं थीं।

हादसे के बाद दुर्घटना स्थल को पानी से धोकर साफ कर दिया गया, जो गंभीर लापरवाही दर्शाता है।

विद्यालय भवन का डी-ब्लॉक पांच मंजिला है, लेकिन सीढ़ियों पर रेलिंग के ऊपर लोहे की जाली नहीं लगी थी।

ग्राउंड फ्लोर के खुले चौक में भी सुरक्षा के लिए कोई जाल या बैरिकेड नहीं था।

हर मंजिल पर बच्चों की निगरानी के लिए सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं थे।

छोटे बच्चों की सुरक्षा पर उठे सवाल

रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि कक्षा 8 तक के छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्कूल प्रशासन ने आवश्यक एहतियात नहीं बरती। यही कारण है कि शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीर मानते हुए नोटिस जारी किया है।