खाटूश्याम जी मेले में SP प्रवीण नायक नूनावत एक्टिव मोड पर, सुरक्षा और व्यवस्थाओं का लिया जायजा
Sikar में खाटूश्याम जी मंदिर के वार्षिक मेले में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए पुलिस और प्रशासन सतर्क हैं। बुजुर्गों, दिव्यांगों और बच्चों की सुविधा पर खास ध्यान दिया जा रहा है।
सीकर जिले में स्थित खाटूश्याम जी मंदिर में चल रहे वार्षिक मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत लगातार मेले परिसर का दौरा कर रहे हैं और हर छोटी-बड़ी गतिविधि पर खुद निगरानी बनाए हुए हैं।
मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए एसपी लगातार पुलिस टीम के साथ विभिन्न पॉइंट्स का निरीक्षण कर रहे हैं। इस दौरान मंदिर कमेटी मंत्री मानवेंद्र चौहान भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों ने मिलकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने मीडिया से बातचीत में बताया कि मेले का आयोजन शानदार व्यवस्थाओं और बेहतर पुलिसिंग के साथ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से बुजुर्गों, दिव्यांगों और बच्चों का ध्यान रखा जा रहा है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि प्रशासन का सहयोग करें और शांतिपूर्ण तरीके से दर्शन करें। बेहतर प्रबंधन के चलते श्रद्धालु आसानी से और सरल भाव के साथ खाटू श्याम जी के दर्शन कर सकते हैं।
Saloni Kushwaha 
