सोनम वांगचुक हेल्थ अपडेट: हालत स्थिर, लेकिन डॉक्टरों ने 24 घंटे निगरानी को बताया जरूरी

Sonam Wangchuk Health Update: सफदरजंग अस्पताल ने सोनम वांगचुक की सेहत पर नया मेडिकल बुलेटिन जारी किया। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और विशेषज्ञों की टीम लगातार निगरानी कर रही है।

सोनम वांगचुक हेल्थ अपडेट: हालत स्थिर, लेकिन डॉक्टरों ने 24 घंटे निगरानी को बताया जरूरी
Sonam wangchuk

सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर सफदरजंग अस्पताल ने नया मेडिकल अपडेट जारी किया है। अस्पताल के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है, हालांकि लंबे समय तक भूख हड़ताल का असर उनके शरीर पर साफ दिखाई दे रहा है। इसी वजह से डॉक्टरों की विशेषज्ञ टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।

अस्पताल की ओर से जारी हेल्थ बुलेटिन में बताया गया कि सोनम वांगचुक के सभी जरूरी स्वास्थ्य संकेत (वाइटल पैरामीटर्स) फिलहाल सामान्य और स्थिर हैं। हालांकि उनके ब्लड पैरामीटर्स में अभी भी हल्के बदलाव देखे जा रहे हैं, जिन्हें ध्यान में रखते हुए उनका इलाज जारी है।

सोनम वांगचुक इस समय दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल की इमरजेंसी बिल्डिंग की आठवीं मंजिल पर भर्ती हैं। अस्पताल में उनकी सुरक्षा के लिए दिल्ली पुलिस की कड़ी निगरानी भी तैनात है।

डॉक्टरों के मुताबिक लंबे समय तक उपवास करने से शरीर पर शारीरिक और आंतरिक (सिस्टमिक) प्रभाव पड़ते हैं। इसी कारण उन्हें विभिन्न विशेषज्ञ डॉक्टरों की मल्टीडिसिप्लिनरी टीम की देखरेख में रखा गया है, ताकि किसी भी संभावित जटिलता का समय रहते पता लगाकर तुरंत इलाज किया जा सके।

सफदरजंग अस्पताल के साथ-साथ एम्स, नई दिल्ली के विशेषज्ञ डॉक्टर भी उनकी मेडिकल स्थिति की समीक्षा कर रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि फिलहाल उनकी हालत स्थिर जरूर है, लेकिन पूरी तरह सुरक्षित स्थिति सुनिश्चित करने के लिए 24 घंटे क्लिनिकल मॉनिटरिंग और लगातार मेडिकल इंटरवेंशन आवश्यक है।

अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सोनम वांगचुक के ब्लड पैरामीटर्स और अन्य क्लिनिकल संकेतों पर लगातार नजर रखी जा रही है। उनकी स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार सभी जरूरी चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।