Realme P4s Lite लॉन्च से Vivo X Fold 6 तक, आज की बड़ी टेक खबरें
Realme P4s Lite भारत में 7,000mAh बैटरी के साथ लॉन्च हुआ। Vivo X Fold 6 की लॉन्चिंग, iQOO 16 की Geekbench लिस्टिंग और boAt Apex Powerbank की पूरी जानकारी जानें।
टेक और गैजेट्स की दुनिया में सोमवार को कई बड़ी खबरें सामने आईं। Realme ने भारत में अपना नया बजट स्मार्टफोन Realme P4s Lite लॉन्च कर दिया है। फोन में 7,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है। दूसरी ओर Vivo 6 अक्टूबर को भारत में एक बड़ा लॉन्च इवेंट आयोजित करने जा रहा है, जिसमें Vivo V80 और Vivo S2 FE के साथ Vivo X Fold 6 पेश किए जाने की उम्मीद है।
इसके अलावा iQOO 16 को ग्लोबल मार्केट के लिए बेंचमार्किंग प्लेटफॉर्म Geekbench पर स्पॉट किया गया है। वहीं boAt ने भी भारत में अपनी नई Apex Powerbank Series लॉन्च की है। आइए जानते हैं आज की प्रमुख गैजेट्स खबरें।
Realme P4s Lite भारत में लॉन्च
Realme ने भारतीय बाजार में अपना नया बजट स्मार्टफोन Realme P4s Lite लॉन्च कर दिया है। इसकी कीमत 16,499 रुपये रखी गई है। फोन की बिक्री 8 अक्टूबर से शुरू होगी।
Realme P4s Lite की सबसे बड़ी खासियत इसकी 7,000mAh सिलिकॉन-कार्बन बैटरी है। इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट वाला HD+ LCD डिस्प्ले दिया गया है। फोन में 4GB RAM, 13MP का रियर कैमरा और 5MP का फ्रंट कैमरा मिलने की जानकारी दी गई है।
चार्जिंग के लिए इसमें 15W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट मिलता है। इसके अलावा फोन में 3.5mm हेडफोन जैक, साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर और IP64 रेटिंग जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं।
Vivo X Fold 6 की भारत में लॉन्चिंग कल
Vivo अपने नए बुक-स्टाइल फोल्डेबल स्मार्टफोन Vivo X Fold 6 को भारत में लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। कंपनी का लॉन्च इवेंट 6 अक्टूबर को होना है। इसी इवेंट में Vivo V80 और Vivo S2 FE को भी पेश किया जाना है।
कंपनी की ओर से जारी टीजर में X Fold 6 का नाम सीधे तौर पर नहीं बताया गया है, लेकिन इसमें दिखाया गया फोन Vivo के उस फोल्डेबल मॉडल के डिजाइन से मेल खाता है, जिसे कंपनी ने पहले चीन में पेश किया था। ऐसे में भारत में X Fold 6 की एंट्री की उम्मीद की जा रही है।
iQOO 16 भी जल्द दे सकता है दस्तक
iQOO 16 के ग्लोबल वेरिएंट को Geekbench पर स्पॉट किए जाने की खबर सामने आई है। लिस्टिंग में फोन को Vivo I2607 मॉडल नंबर के साथ देखा गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, फोन में Snapdragon 8 Elite Extreme Gen 6 प्रोसेसर और Adreno 850 GPU दिया जा सकता है। Geekbench लिस्टिंग में 12GB RAM वाले वेरिएंट की जानकारी भी सामने आई है।
हालांकि भारत में iQOO 16 की लॉन्च डेट को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।
boAt ने लॉन्च की नई Apex Powerbank Series
boAt ने भारत में अपनी नई Apex Powerbank Series पेश की है। इस सीरीज की शुरुआती कीमत 1,999 रुपये है।
सीरीज में अलग-अलग क्षमता वाले कई मॉडल शामिल हैं। इनमें 10,000mAh क्षमता वाला Apex PB332 MagnaCharge, 20,000mAh वाले Apex PB400 और Apex PB400 Pro के साथ Apex PB445 मॉडल शामिल है।
कंपनी के मुताबिक, पावर बैंक में 12-लेयर स्मार्ट सेफ्टी प्रोटेक्शन, एंटी-स्लिप बॉडी और बिल्ट-इन Type-C केबल जैसी सुविधाएं दी गई हैं।

