झालावाड़ सड़क हादसा: तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर, 4 की मौके पर मौत
झालावाड़ के गंगधार क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को मारी टक्कर, 4 लोगों की मौके पर मौत। पुलिस जांच जारी, मृतकों की पहचान आधार कार्ड से हुई।
राजस्थान के झालावाड़ जिले में दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा डग कस्बे के गंगधार थाना क्षेत्र के करनपुरा के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार बोलेरो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पूरी तरह चकनाचूर हो गई और बाइक सवारों को अस्पताल तक ले जाने का मौका भी नहीं मिल पाया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए जुट गए।
सूचना मिलने पर गंगधार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से मृतकों और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने मृतकों की पहचान उनके आधार कार्ड के आधार पर की है। मृतकों में राजपाल पुत्र परवत सिंह, जवाहरलाल पुत्र रामचंद्र और नरेश पुत्र कालूलाल शामिल हैं, जो मध्यप्रदेश के सीतामऊ थाना क्षेत्र के झांगिरिया गांव के निवासी बताए गए हैं। वहीं चौथे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
घटना की जानकारी राजस्थान पुलिस द्वारा मध्यप्रदेश पुलिस को भी दे दी गई है, ताकि मृतकों के परिजनों तक सूचना पहुंचाई जा सके। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर राहत कार्य में सहयोग किया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Saloni Kushwaha 
