राजस्थान में जल्द हो सकता है मंत्रिमंडल विस्तार, CM भजनलाल की PM मोदी से मुलाकात के बाद सियासी हलचल तेज
दिल्ली में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात के बाद राजस्थान की राजनीति में तेज हुई हलचल, मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन में बदलाव की चर्चाएं तेज।
जयपुर। राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद यह अटकलें जोर पकड़ रही हैं कि प्रदेश में जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियों का दौर शुरू हो सकता है।
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री की इस मुलाकात में प्रदेश के विकास कार्यों, संगठनात्मक संतुलन और आगामी निकाय एवं पंचायत चुनावों की तैयारियों पर चर्चा हुई। पार्टी नेतृत्व प्रदेश में नए चेहरों को मौका देने और जातीय-सामाजिक समीकरण साधने की दिशा में कदम उठा सकता है।
वर्तमान में राज्य मंत्रिमंडल में कई विभागों का अतिरिक्त प्रभार मुख्यमंत्री और कुछ वरिष्ठ मंत्रियों के पास है। ऐसे में मंत्रिमंडल विस्तार की संभावनाएं पिछले कुछ समय से चर्चा में बनी हुई हैं। वहीं, भाजपा संगठन में भी कई पदों पर नियुक्तियां लंबित हैं, जिन्हें लेकर पार्टी के अंदर गतिशीलता बढ़ गई है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि केंद्र से “ग्रीन सिग्नल” मिलने के बाद राज्य में जल्द ही नए मंत्री शपथ ले सकते हैं और पार्टी संगठन में भी कई अहम पदों पर नियुक्तियां संभव हैं।
दिसंबर में होगा दो साल का कार्यकाल पूरा
भजनलाल सरकार 15 दिसंबर को दो साल का कार्यकाल पूरा करने जा रही है। वर्तमान में मुख्यमंत्री सहित 24 मंत्री हैं, जबकि छह पद अभी रिक्त हैं। फेरबदल होता है तो इन पदों को भरने के साथ कुछ चेहरों को बदले जाने की भी संभावना है।

