कोटपूतली में गोविंद सिंह डोटासरा का जोरदार स्वागत, चौमूं विवाद को बताया प्रशासनिक विफलता

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का सीकर से अलवर जाते समय कोटपूतली पहुंचने पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्हें माला और साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया। डोटासरा ने कोटपूतली में समाज सुधारक ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

कोटपूतली में गोविंद सिंह डोटासरा का जोरदार स्वागत, चौमूं विवाद को बताया प्रशासनिक विफलता

कोटपूतली। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा का सीकर से अलवर जाते समय कोटपूतली पहुंचने पर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्हें माला और साफा पहनाकर अभिनंदन किया गया। डोटासरा ने कोटपूतली में समाज सुधारक ज्योतिबा फुले की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

मीडिया से बातचीत करते हुए डोटासरा ने चौमूं में मस्जिद के बाहर हुए विवाद पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को प्रशासनिक विफलता करार देते हुए कहा कि जहां हाईकोर्ट का लंबे समय से स्थगन आदेश है, वहां जानबूझकर कार्रवाई करना अधिकारों का दुरुपयोग है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस पूरे घटनाक्रम में जो कुछ भी हुआ, वह गलत है—चाहे वह पुलिस के साथ हुआ हो या आम नागरिकों के साथ।

डोटासरा ने चौमूं थानाधिकारी प्रदीप शर्मा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि कुछ गतिविधियों के चलते उन्हें अनावश्यक लोकप्रियता मिल गई है और उन्हें ऐसा लगने लगा है कि वे चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि व्यक्तिगत प्रचार के लिए नियमों और मर्यादाओं की अनदेखी की गई।

बीजेपी सरकार पर बोला तीखा हमला

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने राज्य की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों पर कब्जा कराने का काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध खनन को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे अरावली पर्वतमाला को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है।

डोटासरा ने घोषणा की कि कांग्रेस पार्टी जल्द ही “अरावली बचाओ अभियान” के तहत पूरे राजस्थान में रैलियों और जनआंदोलनों का आयोजन करेगी। उनका कहना था कि अरावली की आत्मा पर सीधा प्रहार किया जा रहा है और कांग्रेस इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।