मोकलसर रेलवे स्टेशन पर ऐतिहासिक ठहराव

मोकलसर के लिए “सुविधा से आगे बढ़कर, जुड़ाव और पहचान” का दिन करार दिया। स्टेशन पर पहली बार चेन्नई एग्मोर एक्सप्रेस के ठहरने के साथ ही नारों, तालियों और खुशी के माहौल ने इसे एक यादगार क्षण बना दिया

मोकलसर रेलवे स्टेशन पर ऐतिहासिक ठहराव

मोकलसर रेलवे स्टेशन पर ऐतिहासिक ठहराव

सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने भगत की कोठी–चेन्नई एग्मोर एक्सप्रेस को दिखाई हरी झंडी


बाड़मेर–जैसलमेर–बालोतरा संसदीय क्षेत्र के मोकलसर रेलवे स्टेशन के लिए 25 जनवरी 2026 का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ, जब वर्षों से लंबित मांग आखिरकार पूरी हो गई। भगत की कोठी–चेन्नई एग्मोर सुपरफास्ट एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 20626) को अब आधिकारिक रूप से मोकलसर स्टेशन पर ठहराव मिल गया है। यह ठहराव सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल के लगातार, जनहितकारी और जमीनी प्रयासों का बड़ा परिणाम माना जा रहा है।

रविवार सुबह करीब 07:20 बजे मोकलसर रेलवे स्टेशन पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल ने भगत की कोठी–चेन्नई एग्मोर एक्सप्रेस के प्रथम ठहराव के दौरान हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यापारी वर्ग और दक्षिण भारत में बसे प्रवासी परिवार मौजूद रहे, जिन्होंने इस पल को मोकलसर के विकास की नई शुरुआत के रूप में देखा।

अपने संबोधन में सांसद बेनीवाल ने कहा कि मोकलसर स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव लंबे समय से क्षेत्रवासियों, खासकर दक्षिण भारत में रह रहे श्रमिकों, विद्यार्थियों और व्यवसायियों की जायज़ मांग थी। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को उन्होंने लगातार रेलवे संसदीय समिति की बैठकों में और सीधे रेल मंत्री के समक्ष उठाया, जिसके बाद इस महत्वपूर्ण ठहराव को मंजूरी मिली। सांसद ने क्षेत्र की जनता की ओर से रेल मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इसे “प्रवासियों के सम्मान और सुविधा” से जुड़ा फैसला बताया।

सांसद बेनीवाल ने कहा कि मोकलसर में ठहराव मिलने से न सिर्फ कस्बे को, बल्कि आसपास के गांवों को भी बड़ा लाभ होगा। अब मोकलसर, बालोतरा, सिवाना और आस-पास के ग्रामीण इलाकों के लोग सीधे भगत की कोठी से चेन्नई और दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों तक सुगम रेल संपर्क का लाभ उठा सकेंगे। इससे क्षेत्र के व्यापार, रोजगार, शिक्षा और सामाजिक जुड़ाव को नई गति मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनता की हर जायज़ मांग को मजबूती से उठाना उनकी प्राथमिकता रही है और आगे भी रेल कनेक्टिविटी, सड़कों और संपूर्ण क्षेत्रीय विकास के लिए उनके प्रयास जारी रहेंगे।

ट्रेन की समयसारिणी और संचालन

भगत की कोठी–चेन्नई एग्मोर सपरफास्ट एक्सप्रेस (20626/20625) सप्ताह में पाँच दिन संचालित होगी। भगत की कोठी से यह ट्रेन सोमवार, बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार और रविवार को चलेगी, जबकि चेन्नई एग्मोर से यह सोमवार, मंगलवार, गुरुवार, शनिवार और रविवार को रवाना होगी। यह सेवा पश्चिम राजस्थान के यात्रियों को चेन्नई सहित दक्षिण भारत के महत्वपूर्ण शहरों से सीधा रेल संपर्क प्रदान करती है और अब मोकलसर का नाम भी इस रूट के प्रमुख ठहरावों में जुड़ गया है। 

स्थानीय लोगों, प्रवासी परिवारों और जनप्रतिनिधियों ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे दक्षिण भारत में कार्यरत और अध्ययनरत युवाओं, कर्मचारियों और मजदूरों के लिए घर आना-जाना आसान हो जाएगा। लोगों ने इसे मोकलसर और आसपास के गांवों के लिए “ऐतिहासिक दिन” बताते हुए कहा कि इस फैसले से न केवल आवागमन सरल होगा, बल्कि क्षेत्र का सामाजिक-आर्थिक विकास भी तेज गति से आगे बढ़ेगा।

जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी से बढ़ा कार्यक्रम का महत्व

कार्यक्रम के दौरान मंच पर और स्टेशन परिसर में जनप्रतिनिधियों की मजबूत मौजूदगी रही। राजस्थान विधानसभा के मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, सिवाना विधायक हमीर सिंह, पूर्व मंत्री एवं पूर्व सिवाना विधायक गोपाराम मेघवाल, सिवाना के निवर्तमान प्रधान मुकनसिंह राजपुरोहित, सिवाना पूर्व प्रधान एवं निवर्तमान जिला सदस्य गरिमा राजपुरोहित, मायलावास सरपंच अशोक राजपुरोहित सहित कई जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। जोधपुर डिवीजन के सीनियर डीसीएम हितेश यादव सहित रेलवे प्रशासन के अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और उन्होंने इस ठहराव को क्षेत्र के लिए “पब्लिक डिमांड–बेस्ड फैसले” का मजबूत उदाहरण बताया।

सांसद उम्मेदाराम बेनीवाल के सम्मान में स्थानीय नागरिकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया, आभार व्यक्त किया और इसे मोकलसर के लिए “सुविधा से आगे बढ़कर, जुड़ाव और पहचान” का दिन करार दिया। स्टेशन पर पहली बार चेन्नई एग्मोर एक्सप्रेस के ठहरने के साथ ही नारों, तालियों और खुशी के माहौल ने इसे एक यादगार क्षण बना दिया।