12 जनवरी को शिक्षकों की महारैली, OPS समेत लंबित मांगों को लेकर सरकार को चेतावनी
राजधानी जयपुर में शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 12 जनवरी 2026 को चेतावनी महारैली का आयोजन किया जाएगा। इस महारैली में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल होंगे। आयोजन अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ के बैनर तले किया जाएगा।
राजधानी जयपुर में शिक्षकों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर 12 जनवरी 2026 को चेतावनी महारैली का आयोजन किया जाएगा। इस महारैली में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल होंगे। आयोजन अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ के बैनर तले किया जाएगा, जिसमें OPS बहाली सहित कई अहम मुद्दों को लेकर सरकार पर दबाव बनाया जाएगा।
शिक्षक संगठनों ने बताया कि महारैली के दौरान शिक्षकों के लिए टेट (TET) उत्तीर्ण करने की अनिवार्यता के फैसले पर सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार की मांग उठाई जाएगी। इसके साथ ही प्रदेश में जर्जर स्कूल भवनों को लेकर जारी आदेशों पर भी कड़ा विरोध दर्ज कराया जाएगा। शिक्षकों का कहना है कि जर्जर भवनों के नाम पर स्कूलों को दूसरे विद्यालयों में शिफ्ट करना पूरी तरह अव्यवहारिक है।
जर्जर स्कूल भवनों को लेकर प्रमुख मांग
अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी महासंघ के जिलाध्यक्ष पोखरमल और राजस्थान शिक्षक संघ (शेखावत) के प्रदेश महामंत्री उपेंद्र शर्मा ने बताया कि सरकार को जर्जर विद्यालय भवनों की मरम्मत या नए भवन निर्माण के लिए तत्काल बजट जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भवनों की मरम्मत के अभाव में शिक्षकों और विद्यार्थियों की सुरक्षा से समझौता किया जा रहा है।
सरकार को चेतावनी
शिक्षक संगठनों ने साफ कहा है कि यदि सरकार ने समय रहते शिक्षकों की लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। 12 जनवरी की महारैली को सरकार के लिए चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।

