निर्वाण यूनिवर्सिटी की छात्राओं को मिला आत्मरक्षा का प्रशिक्षण, एएसपी सुनीता मीना ने दिया लाइव डेमो
महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में राजस्थान पुलिस की कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट ने एक सराहनीय कदम उठाया है।
जयपुर। महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में राजस्थान पुलिस की कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट ने एक सराहनीय कदम उठाया है। डीजीपी राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर जयपुर की निर्वाण यूनिवर्सिटी में शुक्रवार को छात्राओं के लिए विशेष आत्मरक्षा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कम्यूनिटी पुलिसिंग) सुनीता मीना ने किया। एएसपी सुनीता मीना ने छात्राओं को न केवल सैद्धांतिक ज्ञान दिया बल्कि लाइव डेमोनस्ट्रेशन के माध्यम से खतरनाक स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया, बचाव की तकनीक और शारीरिक-मानसिक सतर्कता सिखाई। उन्होंने जोर देकर कहा, “आत्मरक्षा कोई सिर्फ़ कौशल नहीं है, यह हर महिला-बेटी की सुरक्षा का आधार है।”
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय की POSH एक्ट अंतर्गत गठित आंतरिक शिकायत समिति (ICC) ने सक्रिय सहयोग किया। ICC अध्यक्ष डॉ. ऋतु शर्मा ने कहा कि महिला सम्मान और सुरक्षा की जड़ आत्मविश्वास में है। वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) एस.एल. गोदारा और प्रो-वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) भावना देठा ने इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे छात्राओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
दीप प्रज्वलन के साथ शुरू हुए इस कार्यक्रम में सैकड़ों छात्राओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। छात्राओं का कहना था कि इस प्रशिक्षण से उन्हें न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी मजबूती मिली है।
कार्यक्रम के अंत में कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट और निर्वाण यूनिवर्सिटी ने संयुक्त रूप से घोषणा की कि भविष्य में भी ऐसे सशक्तिकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे। दोनों संस्थानों का संकल्प है कि “सशक्त महिला ही सुरक्षित समाज की नींव है”।

