बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार को लेकर अशोक गहलोत ने जताई चिंता, कहा मानवता पर कलंक
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे कथित अत्याचारों को लेकर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट साझा करते हुए इन घटनाओं को न केवल निंदनीय बताया, बल्कि इसे मानवता पर कलंक करार दिया।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रहे कथित अत्याचारों को लेकर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट साझा करते हुए इन घटनाओं को न केवल निंदनीय बताया, बल्कि इसे मानवता पर कलंक करार दिया।
अशोक गहलोत ने अपनी पोस्ट में लिखा कि बांग्लादेश से हिंदू अल्पसंख्यकों के साथ बर्बरता की लगातार आ रही खबरें बेहद विचलित करने वाली हैं। उन्होंने दावा किया कि महज 19 दिनों के भीतर 5 हिंदुओं की हत्या की गई है और महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाएं सामने आई हैं, जो मानवता को शर्मसार करने वाली हैं।
इंदिरा गांधी के नेतृत्व को किया याद
पूर्व मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे पर 1971 के ऐतिहासिक घटनाक्रम का जिक्र करते हुए तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व को याद किया। गहलोत ने लिखा कि उस दौर में भारत ने न केवल कूटनीतिक मजबूती दिखाई थी, बल्कि दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति के बल पर इतिहास और भूगोल दोनों बदल दिए थे। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि उस समय भारत ने अमेरिका जैसी महाशक्ति के दबाव की भी परवाह नहीं की थी।
केंद्र सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग
अशोक गहलोत ने अप्रत्यक्ष रूप से केंद्र सरकार से अपील करते हुए कहा कि मौजूदा हालात में भी भारत को बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर ठोस और प्रभावी कदम उठाने चाहिए। उनका कहना है कि भारत की ऐतिहासिक भूमिका और नैतिक जिम्मेदारी को देखते हुए इस मुद्दे पर चुप्पी उचित नहीं है।
पूर्व मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इस मुद्दे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

