बसों की छतों पर सामान ले जाना बैन, 20 उड़नदस्ते रखेंगे नज़र

जयपुर शहर में अब बसों की छत पर सामान ढोना पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। परिवहन विभाग ने इस नियम का सख्ती से पालन करवाने के लिए 20 विशेष उड़नदस्ते गठित किए हैं, जो शहर के अलग-अलग इलाकों में बसों की अचानक जांच करेंगे।

बसों की छतों पर सामान ले जाना बैन, 20 उड़नदस्ते रखेंगे नज़र

जयपुर। जयपुर शहर में अब बसों की छत पर सामान ढोना पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। परिवहन विभाग ने इस नियम का सख्ती से पालन करवाने के लिए 20 विशेष उड़नदस्ते गठित किए हैं, जो शहर के अलग-अलग इलाकों में बसों की अचानक जांच करेंगे। यह फैसला इसलिए भी लेना पड़ा है क्योंकि आज फिर एक बस हादसा हो गया जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई।

जयपुर आरटीओ ने हादसे के बाद उठाया कदम

मनोहरपुर में हुआ हादसा जयपुर आरटीओ सेकंड के क्षेत्राधिकार में हुआ। इस हादसे के बाद जयपुर के आरटीओ प्रथम कार्यालय ने जयपुर शहर में बसों की छतों पर ओवरलोडिंग करने पर रोक लगा दी है। आज, 28 अक्टूबर की शाम से जयपुर में “नो लगेज अभियान” शुरू किया जा रहा है। इसके तहत अब बसों के संचालक बसों की छतों पर सामान नहीं रख सकेंगे। आरटीओ की ओर से कहा गया है कि मनोहरपुर में हुए हादसे के बाद इस अभियान को तत्काल लागू करने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों का कहना है कि बस संचालक लगातार मनमानी कर रहे हैं जिसकी वजह से ऐसे हादसे हो रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार, यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है। कई बार छत पर रखे भारी सामान से हादसे होने की आशंका रहती है। उड़नदस्ते नियम तोड़ने वालों पर मौके पर ही कार्रवाई करेंगे और बस ऑपरेटरों पर जुर्माना लगाया जाएगा। परिवहन विभाग ने बस मालिकों और चालकों से अपील की है कि वे नए नियमों का पालन करें, अन्यथा कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

छत पर रखे सामान से हुआ हादसा

बता दें कि जयपुर के मनोहरपुर इलाके में जिस बस में हादसा हुआ उसमें एक हाईटेंशन वायर की वजह से करंट आ गया जिससे आग लग लग गई। इस बस में यूपी के पीलीभीत से लगभग 60-65 मज़दूरों को राजस्थान लाया जा रहा था। यह बस एक कच्चे रास्ते से होते हुए एक गांव में ईंट भट्टे पर जाने वाली थी। जब लगभग 200 मीटर पहले इसकी छत पर रखा सामान 11000 किलोवाट के बिजली के तार के संपर्क में आ गया जिससे गंभीर हादसा हो गया। इस बस में 15 एलपीजी गैस सिलेंडर और कई बाइक समेत बहुत सारा सामान रखा हुआ था।